WATCH: शिवम दुबे ने निकाली साईं किशोर की हेकड़ी, 2 गेंदों में 2 छक्के लगाकर दिलाई युवी की याद

 चेन्नई सुपरकिंग्स के धाकड़ ऑलराउंडर शिवम दुबे ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ तूफानी अर्द्धशतक लगाकर एक बार फिर दिखा दिया कि वो इस टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी हैं। दुबे ने 2 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से सिर्फ 23 गेंदों में 51 रन बना दिए। चेन्नई की टीम उनकी इस पारी के चलते मैच जीतने में सफल रही और उन्हें उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया।

दुबे ने अपनी इस पारी के दौरान जो 5 छक्के लगाए वो दर्शनीय थे। इनमेंं से 2 छक्के तो उन्होंने अपनी पारी की पहली दो गेंदों पर ही लगा दिए और दुबे का शिकार बने युवा स्पिनर साईं किशोर। किशोर ने सोचा भी नहीं होगा कि दुबे पहली ही गेंद से उनकी पिटाई शुरू कर देंगे। दुबे ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का मारा और इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने डीप मिडविकेट की ओर लंबा छक्का मार दिया।

जिस तरह से दुबे ने ये दो छक्के लगाए उनमें युवराज सिंह की झलक भी देखी जा सकती थी। उनके इन छक्कों का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और आप इस वीडियो को नीचे देख सकते हैं।

दुबे ने इस सीज़न के पहले दो मैचों में जिस तरह की शुरुआत की है अगर वो इस शुरुआत को आखिरी अंज़ाम तक पहुंचाने में सफल रहते हैं तो दुबे को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का टिकट देना सेलेक्टर्स के लिए मज़बूरी बन जाएगा। ऐसे में दुबे चाहेंगे कि अपना ये फॉर्म आखिर तक जारी रखें। इस मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर गुजरात टाइटंस को 63 रन से हरा दिया। ये आईपीएल इतिहास में गुजरात की अब तक की सबसे बड़ी हार है। गुजरात ने इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में मोहित शर्मा की जगह साई सुदर्शन को और चेन्नई ने शिवम दुबे की जगह मथीशा पथिराना को खिलाया। ये चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है। वहीं, गुजरात ने टूर्नामेंट में 2 मैच खेले हैं जिसमें से एक में उन्हें जीत और एक में हार मिली है।

0/Post a Comment/Comments