कौन हैं मल्लिका आडवाणी जो होंगी महिला टी-20 लीग के लिए ऑक्शनर?

 


महिला टी-20 लीग का उद्घाटन संस्करण इस साल मार्च में शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां जोरो-शोरो से चल रही है। इसी क्रम में 13 फरवरी को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ऑक्शन का आयोजन किया जा रहा है। जहां 409 खिलाड़ियों पर पांच फ्रेंचाइजी द्वारा बोली लगाई जाएगी।

ऑक्शन के लिए 1525 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन 409 खिलाड़ियों के नाम ही लिस्ट में चुने गए। चूंकि इंडियन टी-20 लीग के लिए ऑक्शन में अभी तक ऑक्शनर पुरुष रहे हैं, ऐसे में सभी के मन में ये सवाल उठ रहा था कि क्या महिला टी-20 लीग के लिए भी ऑक्शनर पुरुष होगा?

अब रिपोर्ट सामने आई है कि महिला टी-20 लीग 2023 के ऑक्शन के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने महिला ऑक्शनर को जिम्मेदारी सौंपी है। रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई की फेमस आर्ट कलेक्टर मल्लिका आडवाणी को महिला टी-20 लीग के ऑक्शन का जिम्मा सौंपा गया है। मल्लिका आडवाणी आर्ट की दुनिया में जाना माना नाम हैं और वह कई आर्ट ऑक्शन कंडक्ट कर चुकी हैं।

5 फ्रेंचाइजी लगाएंगे बोली

ऑक्शन में पांच फ्रेंचाइजी अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और लखनऊ हिस्सा लेंगी। सभी फ्रेंचाइजी के पर्स में 12 करोड़ रुपये की राशि है और वे 15-18 खिलाड़ियों को अपने स्क्वॉड में शामिल कर सकते हैं। नीलामी में हिस्सा लेने वाली सभी पांच टीमों के लिए स्लॉट की संख्या 90 है, जिसमें से 30 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियो के लिए रखा गया है। ऑक्शन के लिए 24 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा गया है।

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो उच्चतम ब्रैकेट में सीनियर बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और भारत की अंडर -19 20-20 विश्व चैंपियन कप्तान शेफाली वर्मा ने खुद को रखा है। वहीं विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन और कैरेबियाई स्टार डिआंड्रा डॉटिंन, ऑस्ट्रेलियाई एलिस पेरी के साथ अन्य ने खुद को 50 लाख रुपये के उच्चतम ब्रैकेट में रजिस्टर किया है।

0/Post a Comment/Comments