राष्ट्रमंडल खेल 2022, तैराकी में भारत के पदकों का सूखा खत्म करने के लिए पूल में उतरेंगे साजन प्रकाश और श्रीहरि नटराज


गोल्ड कोस्ट 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों के पिछले संस्करण से बिना पदक लौटने के बाद भारतीय तैराक बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पोडियम पर जगह हासिल करने के लिए उत्सुक होंगे।

इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स में सैंडवेल एक्वेटिक्स सेंटर में, साजन प्रकाश, श्रीहरि नटराज, कुशाग्र रावत और अद्वैत पागे की चार सदस्यीय भारतीय तैराकी टीम पदक के लिए अपना पूरा दम-खम लगाएगी। तैराकी प्रतियोगिताएं शुक्रवार से शुरु होंगी, जिसमें पैरा स्पोर्ट्स सहित 52 स्पर्धाएं शामिल हैं। 

टोक्यो 2020 ओलंपियन साजन प्रकाश और श्रीहरि नटराज, बटरफ्लाई और बैकस्ट्रोक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। तैराकी के चुनिंदा कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। 

केरल के 28 वर्षीय साजन प्रकाश 2021 में रोम में सेटे कोली ट्रॉफी में ओलंपिक ए क्वालिफिकेशन समय को पार करने वाले पहले भारतीय तैराक थे। टोक्यो 2020 खेलों में जगह पाने के लिए उन्होंने 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए 1:56:38 का समय लिया था और क्वालीफाई किया था। 

हालांकि, कंधे में चोट की वजह से वह बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके और प्रतियोगिता में हीट से आगे बढ़ने में नाकाम रहे थे। चोट से उबरने के बाद उन्होंने इसी साल अप्रैल में 19वीं FINA वर्ल्ड चैंपियनशिप के माध्यम से पूल में वापसी की है। 

बेंगलुरु के श्रीहरि नटराज ने सिंगापुर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप 2022 की 50 मीटर और 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसके बाद वह आत्मविश्वास से लबरेज होंगे और अपने दूसरे राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने का प्रयास करेंगे। 

दिल्ली के कुशाग्र रावत अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने जा रहे हैं। इस युवा खिलाड़ी के पास 400 मीटर फ्रीस्टाइल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। 3:52:75 के समय के साथ उन्होंने यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया में 2020 NSW स्टेट चैंपियनशिप के दौरान बनाया था। वह बर्मिंघम 2022 में 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

मध्य प्रदेश के अद्वैत पागे राष्ट्रमंडल खेलों में एक और नया नाम है। यह युवा खिलाड़ी 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भाग लेगा। पिछले साल, उन्होंने यूनाइटेड स्टेट्स में आयोजित एक प्रतियोगिता में 15:23.66 का समय लेकर अपनी श्रेणी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 की तैराकी प्रतिस्पर्धा का सीधा प्रसारण भारत में कहां देखें?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में तैराकी स्पर्धाओं के चुनिंदा राउंड का भारत में Sony SIX, Sony TEN 1, Sony TEN 2, Sony TEN 3 और Sony TEN 4 टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर उपलब्ध होगी।

राष्ट्रमंडल खेल 2022: तैराकी प्रतिस्पर्धा का शेड्यूल और भारत में लाइव मैच शुरु होने का समय

सभी समय भारतीय समयानुसार (IST) हैं।

शुक्रवार, 29 जुलाई

पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट - दोपहर 3:30 बजे

पुरुषों के 400 मीटर फ्रीस्टाइल का फाइनल - रात 11:30 बजे

पुरुषों के 50 मीटर बटरफ्लाई का सेमीफाइनल - रात 11:30 बजे

पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक का सेमीफाइनल - रात 11:30 बजे

शनिवार, 30 जुलाई

पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 50 मीटर बटरफ्लाई का फाइनल - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 200 मीटर फ्रीस्टाइल का फाइनल - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक का फाइनल - दोपहर 3:00 बजे

रविवार, 31 जुलाई

पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 200 मीटर बटरफ्लाई का फाइनल - रात 11:30 बजे

पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक का सेमीफाइनल - रात 11:30 बजे

सोमवार, 1 अगस्त

पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 100 मीटर बटरफ्लाई का सेमीफाइनल - रात 11:30 बजे

पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक का फाइनल - रात 11:30 बजे

मंगलवार, 2 अगस्त

पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल हीट - दोपहर 3:00 बजे

पुरुषों के 100 मीटर बटरफ्लाई का फाइनल - रात 11:30 बजे

पुरुषों के 200 मीटर बैकस्ट्रोक का फाइनल - रात 11:30 बजे

बुधवार, 3 अगस्त

पुरुषों के 1500 मीटर फ्रीस्टाइल का फाइनल - रात 11:30 बजे

0/Post a Comment/Comments