शुभमन गिल ने IPL में 4000 रन पूरे कर रचा इतिहास, रोहित-कोहली समेत कई दिग्गजों को इस मामले में छोड़ा पीछे

 


Shubman Gill Record: आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। उन्होंने IPL में 4000 रन पूरे करते हुए खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ गिल ही ने एक खास लिस्ट में विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कई दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है।

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में शुभमन गिल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। गिल ने इस मुकाबले में 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 40 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। अपनी पारी के दौरान ही गिल ने IPL में 4000 रन पूरे किए और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया।

गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल ने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 118 पारियां लीं। इसके साथ ही वह IPL में सबसे तेज 4000 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ केएल राहुल हैं, जिन्होंने यह आंकड़ा 105 पारियों में पूरा किया था।

इस मामले में गिल ने विराट कोहली (128 पारियां), सुरेश रैना (140 पारियां) और गौतम गंभीर (140 पारियां) जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं रोहित शर्मा ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 147 पारियां ली थीं। अगर दुनिया के बल्लेबाजों की बात करें तो क्रिस गेल (112 पारियां), डेविड वॉर्नर (114 पारियां) और जोस बटलर (116 पारियां) ने भी गिल से कम पारियों में 4000 रन तक पहुंचे हैं। ऐसे में गिल कुल मिलाकर आईपीएल में सबसे तेज 4000 रन पूरे करने वाले पांचवे बल्लेबाज भी बने हैं।

आईपीएल में सबसे तेज 4000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज:

  1. केएल राहुल – 105 पारियां
  2. शुभमन गिल – 118 पारियां
  3. विराट कोहली – 128 पारियां
  4. सुरेश रैना – 140 पारियां
  5. गौतम गंभीर – 140 पारियां
  6. शिखर धवन – 141 पारियां
  7. अजिंक्य रहाणे – 144 पारियां
  8. सूर्यकुमार यादव – 145 पारियां
  9. रोहित शर्मा – 147 पारियां
  10. संजू सैमसन – 152 पारियां

आपको ये भी बता दें कि गिल IPL में 4000 रन पूरे करने वाले 14वें भारतीय और कुल मिलाकर 19वें बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी यह उपलब्धि इस बात का सबूत है कि वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

0/Post a Comment/Comments