IPL 2026: RCB ने 15.1 ओवर में लक्ष्य हसिल कर LSG को दी 5 विकेट से बड़ी हार, पॉइंट्स टेबल में बनी टेबल टॉपर


 IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Lucknow Super Giants Highlights: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजों ने LSG को 146 रन पर रोका, फिर बल्लेबाजों ने 15.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ RCB पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।

बुधवार (15 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को शुरुआती झटके जल्दी लग गए और एडेन मार्कराम 12 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत को कोहनी में चोट का सामना करना पड़ा और सिर्फ 1 रन ही जोड़ पाए। वहीं निकोलस पूरन भी 1 रन पर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि मिचेल मार्श ने एक छोर संभालते हुए 32 गेंदों में 40 रन की पारी खेली और टीम को थोड़ा संभालने की कोशिश की। 

उनके अलावा मध्य ओवरों में आयुष बडोनी ने 24 गेंदों में 38 रन बनाए और कुछ हद तक पारी को आगे बढ़ाया। पारी के आखिरी ओवरों में मुकुल चौधरी ने भी 28 गेंदों में 39 रन की अहम पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे पाए। टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जिसके चलते पूरी टीम 20 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए गेंदबाजी में रसिख सलाम डार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा जोश हेजलवुड को भी 1 सफलता मिली।

147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। फिल साल्ट 7 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली ने 34 गेंदों में 49 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। मध्य ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार ने 13 गेंदों में 27 रन और जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में 23 रन की तेज पारी खेली। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने नाबाद 14-14 रन बनाकर टीम को 15.1 ओवर में ही जीत दिला दी।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए, जबकि आवेश खान को 2 सफलता मिली।

इस जीत के साथ RCB ने 8 अंकों के साथ अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को इस सीजन की तीसरी हार झेलनी पड़ी।

0/Post a Comment/Comments