WATCH: 'बुमराह फास्ट बॉलर का उस्मान तारिक है', पाकिस्तानी चयनकर्ता ने दिया बेतुका बयान, यॉर्कर किंग की तुलना कर डाली अपने स्पिनर से

 


टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत और जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने बुमराह को मौजूदा दौर का सबसे अलग गेंदबाज बताते हुए उनकी तुलना पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक से कर दी। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

दरअसल, पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की, लेकिन इसी दौरान उन्होंने उनकी तुलना पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक से कर दी। आकिब जावेद ने कहा कि मौजूदा दौर में पूरे वर्ल्ड कप में अगर कोई अलग तरह का गेंदबाज है तो वह बुमराह हैं। उनका एक्शन भी सामान्य गेंदबाजों से काफी अलग है।

आकिब जावेद ने अपनी बात समझाते हुए कहा, “आज के दौर में पूरे वर्ल्ड कप में सिर्फ एक ही ऐसा गेंदबाज है जो अलग है और वह बुमराह हैं। वह सामान्य गेंदबाज नहीं हैं, उनका एक्शन भी अलग है और वह तेज गेंदबाजों का उस्मान तारिक है।"

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने उस्मान तारिक को लेकर काफी उम्मीदें जताई थीं। माना जा रहा था कि वह टीम को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि पाकिस्तान की टीम किसी तरह सुपर-8 तक पहुंची, लेकिन वहां से आगे का सफर तय नहीं कर पाई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

वहीं दूसरी ओर जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 14 विकेट चटकाए और वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुंक्त रुप से सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज रहे। बुमराह ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट देकर 15 रन की घातक गेंदबाजी की, जो इस टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।

जसप्रीत बुमराह को आज के दौर के सबसे महान गेंदबाजों में गिना जाता है, क्योंकि उन्होंने तीनों फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं उस्मान तारिक अभी इंटरनेशल क्रिकेट में नए हैं और उन्होंने अभी तक सिर्फ 9 टी20 इंटरनेशल मैच खेले हैं। ऐसे में एक महान गेंदबाज की तुलना एक नए खिलाड़ी से करना कई लोगों को अजीब लग रहा है।

उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन भी लंबे समय से चर्चा में रहा है। उन्हें दो बार संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए रिपोर्ट किया जा चुका है। गेंद डालने से पहले उनका रुकना और एक्शन कई बार सवालों के घेरे में आ चुका है और पहले भी कई खिलाड़ी उन पर चकिंग का आरोप लगा चुके हैं।

0/Post a Comment/Comments