भारतीय स्टार लेग स्पिनर कुलदीप यादव की शादी का एक खास पल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लखनऊ में हुए ग्रैंड रिसेप्शन में कई बड़े चेहरे शामिल हुए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा एक खास जेस्चर की रही। कुलदीप और उनकी पत्नी ने जिस अंदाज में रवींद्र जडेजा और उनकी पत्नी का स्वागत किया, उसने फैंस का दिल जीत लिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी है। उन्होंने 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी रचाई। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में उनका ग्रैंड रिसेप्शन रखा गया, जिसमें क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।
इस रिसेप्शन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी नजर आए। वहीं क्रिकेट जगत से ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी भी इस जश्न का हिस्सा बने।
हालांकि, इन सबके बीच एक खास पल ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी। जब रवींद्र जडेजा अपनी पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ स्टेज पर पहुंचे, तो कुलदीप और उनकी पत्नी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जडेजा दंपति ने नवविवाहित जोड़े को फूलों का गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद जो हुआ, उसने सभी का दिल जीत लिया। कुलदीप यादव और वंशिका ने झुककर रवींद्र जडेजा और रिवाबा के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। फैंस को यह बात खास तौर पर पसंद आई कि कुलदीप और उनकी पत्नी ने सिर्फ अपने सीनियर खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी से भी आशीर्वाद लिया। यह पूरा जेस्चर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और मैदान पर अपनी स्पिन से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले कुलदीप ने इस बार अपनी सादगी से फैंस का दिल जीत लिया।
अब शादी के बाद कुलदीप यादव जल्द ही 28 मार्च से शुरु हो रहे आईपीएल 2026 में एक्शन में नजर आएंगे, जहां वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए दिखेंगे। टीम अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी।
एक टिप्पणी भेजें