वियान मुल्डर ने काइल जेमीसन को मारा स्टेडियम पार छक्का, हैमिल्टन की सड़क पर गिरी बॉल; देखें VIDEO

 


Wiaan Mulder 100M Six: साउथ अफ्रीका के 28 साल के ऑलराउंडर वियान मुल्डर (Wiaan Mulder) ने बीते मंगलवार, 17 मार्च को हैमिल्टन के सेडन पार्क स्टेडियम में न्यूजीलैंड के सामने दूसरे टी20 मुकाबले (NZ vs SA 2nd T20) में एक बेहद ही धीमी पारी खेली और 20 गेंदों पर सिर्फ 16 रन बनाए। हालांकि इसी बीच उन्होंने कीवी टीम के लंबे कद के गेंदबाज़ काइल जेमीसन (Kyle Jamieson) को एक स्टेडियम पार छक्का मारा जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, ये पूरी घटना साउथ अफ्रीका की इनिंग के तीसरे ओवर में घटी। यहां काइल जेमीसन ने अपना दूसरा बॉल शॉर्ट ऑफ लेंथ डिलीवर किया था जिसे वियान मुल्डर ने पुल करते हुए डीप मिड विकेट की तरफ मारा। ये बॉल वियान मुल्डर के बैट के मिडिल से कनेक्ट हुआ था जिसके बाद तो वो उड़ते हुए मैदान से बाहर ही चला गया और सीधा हैमिल्टन की सड़क पर जाकर गिरा।

गौर करें कि ये एक 100 मीटर का छक्का था जिसे देखकर खुद वियान मुल्डर भी खुश हो गए और मुस्कुराते नज़र आए। सोनी स्पोर्ट्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीच देख सकते हो। बताते चलें कि इस मुकाबले में वियान मुल्डर ने दो ओवर गेंदबाज़ी भी की और विपक्षी टीम को सिर्फ 14 रन देकर उनके 2 विकेट निकाले।

ऐसा रहा मैच का हाल: हैमिल्टन टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद मेजबान टीम न्यूजीलैंड ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 175 रन टांगे। मेजबान टीम के लिए डेवोन कॉनवे ने सबसे ज्यादा रन जोड़े और 49 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली।

यहां से अब साउथ अफ्रीका को जीत हासिल करने के लिए 176 रन बनाने थे जिसका पीछा करते हुए वो 15.3 ओवर ही मैदान पर टिक पाए और 107 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गए। उनके लिए जॉर्ज लिंडे ने सर्वाधिक 12 गेंदों पर 33 रन जोड़े। इस तरह न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन टी20 68 रनों से जीता और पांच मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 से लेवल कर दिया।

0/Post a Comment/Comments