VIDEO: 'बस कर पगले रुलाएगा क्या?' सूर्या से तारीफ सुनकर संजू ने भी लिए मज़े

 


वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 97 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद संजू सैमसन ने करोड़ों देशवासियों को अपना मुरीद बना लिया है। यहां तक कि कप्तान सूर्यकुमार यादव भी संजू की तारीफ करते हुए नहीं थके। मैच के बाद सूर्या ने संजू सैमसन की इतनी तारीफ़ की कि विकेटकीपर को मज़ाकिया अंदाज़ में अपने कैप्टन से ये कहना पड़ा कि रुक ​​जाओ वरना वो रोने लगेंगे।

इस विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सफल रन-चेज़ में सबसे ज़्यादा स्कोर का विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सैमसन ने आखिरी ओवर तक नॉटआउट रहते हुए 50 गेंदों पर 97 रन बनाए। उन्होंने विनिंग रन भी मारे और जब वो डगआउट में वापस जा रहे थे तो सूर्यकुमार यादव ने अपनी कैप उतारी और उन्हें झुककर सलाम भी किया।

हालांकि, मैच के बाद सूर्या ने संजू की खुलकर तारीफ की और BCCI ने इस बातचीत का वीडियो भी शेयर किया। अपनी तारीफ सुनने के बाद सैमसन ने सूर्यकुमार से कहा, "बस कर रुलाएगा क्या पगले?"

वहीं, सूर्यकुमार ने संजू की तारीफ में कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ अच्छी चीजें होती हैं और सही समय पर होती हैं। उनके जैसे किसी खिलाड़ी के लिए इससे बेहतर समय, इससे बेहतर स्टेज नहीं हो सकता कि वो आगे आएं और टीम को वो दें जिसकी टीम को ज़रूरत थी। जैसे ही वो टीम में आए उन्होंने सबसे पहले ये कहा कि चलो कुछ ऐसा करते हैं जो टीम चाहती है, न कि वो जो मैं चाहता हूं।"

भारत 5 मार्च को मुंबई में सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगा।

0/Post a Comment/Comments