आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई में हुए खास फैन इवेंट में एक बार फिर टीम के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी का जादू देखने को मिला। जैसे ही धोनी मैदान पर पहुंचे, पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। इस दौरान एक फैन का इमोशनल रिएक्शन भी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार (22 मार्च) को एमए चिदंबरम स्टेडियम में ‘रोर 2026’ नाम से एक भव्य प्री-सीजन इवेंट आयोजित किया। इस इवेंट में टीम के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एक साथ नजर आए और फैंस के साथ मिलकर पुरानी यादों को ताजा किया गया।
इस खास मौके पर अंबाती रायडू, मैथ्यू हेडन, मुथैया मुरलीधरन, पार्थिव पटेल, सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो, हरभजन सिंह, जोगिंदर शर्मा, मुरली विजय और लक्ष्मीपति बालाजी जैसे बड़े नाम मौजूद रहे। स्टेडियम पूरी तरह से पीले रंग में रंगा हुआ नजर आया और फैंस का जोश देखने लायक था।
हालांकि इस इवेंट का सबसे खास पल तब आया जब महेंद्र सिंह धोनी ने मैदान पर एंट्री ली। जैसे ही धोनी नजर आए, पूरा चेपॉक धोनी और थाला के नारों से गूंज उठा। इसी दौरान एक महिला फैन का इमोशनल रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया, जो धोनी को सामने देखकर भावुक हो गई।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस साल अपना पहला सीजन खेलने वाले टीम के नए खिलाड़ी संजू सैमसन को भी फैंस से शानदार रिस्पॉन्स मिला। उनके लिए भी स्टेडियम में जबरदस्त तालियां बजीं, जिससे साफ है कि फैंस उन्हें येलो जर्सी में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।
बता दें कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी। 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर इस सीजन में चेन्नई के लिए खेलते नजर आएंगे। उनके करियर को देखते हुए फैंस के बीच यह चर्चा भी तेज है कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। धोनी ने अब तक आईपीएल में 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं और उनका अनुभव टीम के लिए आज भी बेहद अहम माना जाता है।
एक टिप्पणी भेजें