इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को लंदन स्पिरिट ने इंग्लैंड की मशहूर फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग द हंड्रेड 2026 ऑक्शन में 3,90,000 पाउंड यानी लगभग 4.1 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वह इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।द हंड्रेड 2026 की ऑक्शन में इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स सबसे बड़ी खबर बनकर सामने आए। 21 साल के इस अनकैप्ड खिलाड़ी को लंदन स्पिरिट ने 3,90,000 पाउंड यानी करीब 4.1 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया। इस बोली ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया क्योंकि सभी को उम्मीद थी कि ऑक्शन में इंटरनेशल स्टार प्लेयर्स सबसे महंगे बिकेंगे, लेकिन बाजी एक घरेलू खिलाड़ी ने मार ली। इस तरह कोल्स इतिहास रचते हुए द हंड्रेड की इस पहली ऑक्शन के सबसे मंहगे खिलाड़ी बन गए हैं।
दरअसल इससे पहले द हंड्रेड में खिलाड़ियों का चयन ड्राफ्ट सिस्टम के जरिए होता था, लेकिन इस बार पहली बार ओपन ऑक्शन हुआ, जहां फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों पर खुलकर बोली लगाने का मौका मिला।
इंग्लैंड के बकिंघमशायर में जन्मे जेम्स कोल्स को जबरदस्त युवा ऑलराउंडरों में गिना जाता है। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और साथ ही स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन भी करते हैं। कोल्स ने अपने करियर की शुरुआत ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब के यूथ सिस्टम से की थी। उन्होंने साल 2020 में सिर्फ 16 साल की उम्र में ससेक्स के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और ऐसा करने वाले वह काउंटी के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे। उसी समय से वह चयनकर्ताओं और क्रिकेट विश्लेषकों की नजर में आ गए थे।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी कोल्स ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने SA20 लीग में पीछले सीजन सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेलते हुए 5 पारीयों में 170.78 के स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए। वहीं गेंदबाज में भी अहम 5 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा वह इंग्लैंड अंडर-19 टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं और आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
अगर टी20 आंकड़ों की बात करें तो जेम्स कोल्स अब तक 67 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 28.63 की औसत और 148.23 के स्ट्राइक रेट से 1260 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में लेफ्ट आर्म स्पिन के साथ 26.00 की औसत से 50 विकेट भी अपने नाम किए हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत ही उनकी मार्केट वैल्यू तेजी से बढ़ी और द हंड्रेड 2026 की नीलामी में वह सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभर आए हैं।
एक टिप्पणी भेजें