IPL 2026: विराट कोहली बने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट! फिल साल्ट को नेट्स में कराया जमकर अभ्यास; VIDEO वायरल

 


आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला है। RCB के नेट्स सेशन में कोहली ने खुद थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट बनकर फिल साल्ट को प्रैक्टिस कराई। कोहली लगातार साल्ट को गाइड करते नजर आए, जिससे टीम की तैयारी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

28 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कैंप से एक दिलचस्प नजारा सामने आया है। टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली नेट्स सेशन के दौरान थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की भूमिका निभाते नजर आए, जहां वह इंग्लैंड के ओपनर फिल साल्ट को अभ्यास कराते दिखे।

यह सत्र बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ, जहां कोहली ने हेड कोच एंडी फ्लावर के साथ मिलकर साल्ट को खास तौर पर तैयार करने में मदद की। कोहली इस दौरान साल्ट को लगातार मोटिवेट करते नजर आए और जब भी साल्ट ने बल्ले का बीच लगाया, उन्होंने उनकी तारीफ भी की। RCB ने इस पूरे सेशन का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। 

VIDEO:

फिल साल्ट के हालिया फॉर्म की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 8 पारियों में सिर्फ 130 रन बनाए, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ एक अर्धशतक शामिल था। वहीं आखिरी तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह 0, 2 और 5 जैसे छोटे स्कोर ही बना पाए। हालांकि, पिछले आईपीएल सीजन में साल्ट ने RCB की खिताबी जीत में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 13 पारियों में 175.98 के जबरदस्द स्ट्राइक रेट से 403 रन बनाए और चार अर्धशतक जड़े थे। 

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी। टीम इस बार भी घरेलू मैदान पर जीत के साथ अपने खिताब की रक्षा की शुरुआत करना चाहेगी।

0/Post a Comment/Comments