'संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे..', आकाश चोपड़ा ने चुनी IPL 2026 के लिए CSK की दमदार प्लेइंग XI


 आईपीएल 2026 से पहले इस लीग की सबसे बड़ी टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर जबरदस्त है। टीम ने इस बार कुछ बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें संजू सैमसन की एंट्री सबसे बड़ी खबर है। इसी बीच भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने CSK की संभावित प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। 

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और टूर्नामेंट को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, लेकिन इस बार टीम थोड़े बदले हुए अंदाज में नजर आने वाली है।

इस सीजन से पहले CSK ने ट्रेड विंडो में बड़ा दांव खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान संजू सैमसन को अपने साथ जोड़ा। सैमसन शानदार फॉर्म में हैं और हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाते हुए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी बने थे। ऐसे में CSK से उनके प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में CSK की संभावित प्लेइंग इलेवन का चयन किया है। उनके अनुसार टीम ओपनिंग में युवा आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन को उतार सकती है, जो आक्रामक शुरुआत देने में सक्षम हैं। नंबर 3 पर कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को चुना गया है, जबकि मिडिल ऑर्डर में साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस टीम को मजबूती दे सकते हैं। इसके अलावा शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर निचले क्रम में बल्लेबाजी से गहराई ला सकते हैं।

आकाश के मुताबिक टीम के अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी इस बार फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही मैच की स्थिति के अनुसार उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जो CSK के लिए बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है। गेंदबाजी की बात करें तो आकाश चोपड़ा ने नूर अहमद, खलील अहमद और मैट हेनरी को अपनी प्लेइंग XI में जगह दी है। 

आकाश चोपड़ा की CSK संभावित XI:
आयुष म्हात्रे, संजू सैमसन, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, एमएस धोनी, नूर अहमद, खलील अहमद, मैट हेनरी।

0/Post a Comment/Comments