टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले के दौरान मैदान पर थोड़ी गर्मा-गर्मी भी देखने को मिली। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच बहस हो गई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर के दौरान हुई। अर्शदीप सिंह ने फुल लेंथ गेंद डाली, जिस पर डेरिल मिचेल ने सीधा शॉट खेल दिया। गेंद वापस गेंदबाज की ओर आई और उसी जोश में अर्शदीप ने गेंद को तुरंत मिचेल की तरफ फेंक दिया। उन्हें लगा कि बल्लेबाज शायद क्रीज से बाहर निकल गए हैं।
हालांकि गेंद मिचेल के काफी करीब से गुजर गई, जिससे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नाराज हो गए। मिचेल ने गुस्से में अर्शदीप की तरफ इशारे करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई।
हालांकि इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्याकुमार यादव डेरिल मिचेल के पास गए और उनको शांत कराया। वहीं इस दौरान अंपायरों ने भी अर्शदीप से बात की और स्थिति को संभालने की कोशिश की। ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह खुद मिचेल के पास गए और अपनी गलती के लिए माफी मांगी। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर इस मामले को खत्म कर दिया और खेल की भावना को बरकरार रखा।
VIDEO:
अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की दमदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके अलावा ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर भारत के स्कोर को मजबूत बना दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टिम सेफ़र्ट (52) और कप्तान मिचेल सेंटनर (43) ही कुछ रन जोड़ पाए। नतीजन टीम की पारी 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से ये मुकाबला अपने नाम कर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की।
एक टिप्पणी भेजें