पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज सरफराज अहमद ने क्रिकेट फैंस को चौंकाते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। सरफराज के संन्यास लेने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फैंस और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ने उन्हें उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी। हालांकि, इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक स्क्रीनशॉट ने भी सुर्खियां बटोरीं।
इस स्क्रीनशॉट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करके पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट पर बधाई दी है। हालांकि, ये दावा पूरी तरह से गलत है क्योंकि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि कोहली ने ऐसा कोई मैसेज पोस्ट किया था और जो स्क्रीनशॉट बड़े पैमाने पर शेयर किया जा रहा है, वो डिजिटल रूप से एडिट किया हुआ लगता है।
सरफराज के रिटायरमेंट की घोषणा के तुरंत बाद, ये स्क्रीनशॉट ऑनलाइन वायरल होने लगा। इसे देखकर ऐसा लग रहा था कि कोहली ने कोई इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की है। उस मैसेज में लिखा था, "सरफराज अहमद को उनके शानदार क्रिकेट करियर के लिए बधाई। आपने पूरे जुनून और बेहतरीन नेतृत्व क्षमता के साथ पाकिस्तान की सेवा की है। 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल पाकिस्तान क्रिकेट और आपकी टीम के लिए एक बेहद खास पल था। आपके आगे के सफर के लिए मेरी तरफ से आपको ढेर सारी शुभकामनाएं। सम्मान और शुभकामनाएं।"

एक टिप्पणी भेजें