क्या दासुन शनाका भी देने वाले है पाकिस्तान सुपर लीग को झटका? राजस्थान रॉयल्स के साथ बनती नजर आ रही है डील

 


आईपीएल 2026 से पहले पाकिस्तान सुपर लीग को एक और बड़ा झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका PSL छोड़कर राजस्थान रॉयल्स से जुड़ सकते हैं। टीम में सैम करन की चोट के चलते उनकी एंट्री की चर्चा तेज हो गई है। अगर ऐसा होता है तो यह PSL के लिए एक और बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 शुरू होने से पहले ही मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। 26 मार्च से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट से कई विदेशी खिलाड़ी दूरी बना रहे हैं और अब इस लिस्ट में श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका का नाम भी जुड़ सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनाका PSL में खेलने की बजाय आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ने की तैयारी में हैं। दरअसल, राजस्थान की टीम इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन की फिटनेस को लेकर चिंतित है, जिन्हें ग्रोइन इंजरी के कारण पूरे सीजन से बाहर होना पड़ सकता है। ऐसे में टीम शनाका को बैकअप के तौर पर शामिल करने पर विचार कर रही है।

शनाका आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन अब उन्हें बड़ा मौका मिल सकता है। पहले वह PSL में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलने वाले थे, जहां उन्हें 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में खरीदा गया था। हालांकि अब आईपीएल में खेलने का मौका मिलने के चलते वह अपना फैसला बदल सकते हैं।

आपको बता दें इससे पहले इसी सीजन जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी PSL छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने का फैसला किया था, जहां वह मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल हुए। वैसे यह कोई नई बात नहीं है। पिछले साल भी साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने PSL की टीम पेशावर जाल्मी को छोड़कर IPL में मुंबई इंडियंस का रुख किया था।

शनाका के टीम में शामिल होने से राजस्थान रॉयल्स को मिडिल ऑर्डर में मजबूती मिलेगी, साथ ही वह गेंदबाजी में भी एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 6 पारियों में 187.50 के स्ट्राइक रेट से 165 रन बनाने के अलावा कुछ अहम विकेट भी अपने नाम किए थे।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या दासुन शनाका वाकई PSL से हटकर राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ते हैं या फिर यह सिर्फ अटकलें ही साबित होती हैं। राजस्थान रॉयल्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में करने वाली है, ऐसे में टीम जल्द ही इस मामले पर साफ तस्वीर पेश कर सकती है।

0/Post a Comment/Comments