भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में हार के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया जहां 5 मार्च को उनका सामना मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। वेस्टइंडीज की इस हार के बाद जब कप्तान शाई होप प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए तो रिपोर्टर्स ने उनसे कई तीखे सवाल पूछे।
वेस्टइंडीज के कप्तान के लिए ये मैच किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। वो पहली गेंद से जूझते दिखे और अंत में आउट होने से पहले 33 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। इस मुश्किल पारी के बाद, होप से उनकी पारी की रफ्तार के बारे में पूछा गया। होप ने माना कि वो तेजी से रन बना सकते थे, लेकिन जब उसी मुद्दे पर दोबारा दबाव डाला गया, तो उन्होंने तीखा जवाब दिया और कहा कि अगर रिपोर्टर चाहते हैं कि वो इसकी जिम्मेदारी लें तो ठीक है वो हार की जिम्मेदारी लेते हैं।
होप ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “तुम सब मुझे हंसा रहे हो, यार। हां, अगर तुम चाहते हो कि मैं यही कहूं तो मैं इल्ज़ाम ले लूंगा। मुझे और तेज़ बैटिंग करनी चाहिए थी। तुम यही चाहते थे कि मैं ये कहूं। लेकिन ऐसे हालात में, जब तुम स्ट्रगल कर रहे होते हो, तो हर कोई स्ट्रगल करता है। लेकिन जैसा मैंने कहा, मुझे नहीं लगता कि मैं बुरी बैटिंग कर रहा था। बस बात ये है कि मैं फील्डर्स को हिट कर रहा था और फिर सिचुएशन को थोड़ा और समझने की कोशिश कर रहा था। ज़ाहिर है, मैं इनिंग्स में थोड़ा और अंदर बैटिंग करना चाहता था और बीच में ज़्यादातर स्पिन थ्रेट का सामना करना चाहता था। लेकिन आज मैं चल नहीं पाया। लेकिन हां, मैं इल्ज़ाम लूंगा।”

एक टिप्पणी भेजें