टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद मसूरी में करेंगे कुलदीप यादव शादी, तारीख भी आई सामने

 


टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद इंडियन क्रिकेटर कुलदीप यादव अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। ताजा मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुलदीप 14 मार्च, 2026 को उत्तराखंड के मसूरी के एक रिसॉर्ट में वंशिका से शादी करेंगे। इस सेरेमनी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के ऑफिशियल्स और उनके क्रिकेटर साथियों के आने की उम्मीद है।

अगर आप कुलदीप की होने वाली पत्नी के बारे में नहीं जानते हैं तो बता दें कि ये कपल कानपुर का रहने वाला है और एक-दूसरे को शहर में अपने शुरुआती सालों से जानते हैं। उन्होंने 4 जून, 2025 को लखनऊ के एक होटल में सगाई की। वंशिका के पिता LIC में काम करते हैं। अगर इस शादी की बात करें तो शादी के पहले के फंक्शन 13 मार्च से शुरू होंगे, जिसमें हल्दी और मेहंदी सेरेमनी में उत्तराखंड की पहाड़ियों में करीबी परिवार और दोस्त इकट्ठा होंगे।

शादी खुद एक प्राइवेट मामला होगा, जिसमें मसूरी रिसॉर्ट में सिर्फ करीबी परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे। शादी पहले नवंबर 2025 में होनी थी, लेकिन कुलदीप के इंडिया की टी-20 वर्ल्ड कप टीम में चुने जाने के बाद इसे आगे बढ़ा दिया गया। अंत में ये इंतज़ार फायदेमंद साबित हुआ क्योंकि कुछ दिन पहले टीम इंडिया ने अहमदाबाद में न्यूज़ीलैंड को एकतरफ़ा मुकाबले में हराकर अपना तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया।

कुलदीप को इस टूर्नामेंट में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन वो पाकिस्तान के खिलाफ एक बड़े मुकाबले में जरूर खेले। इस मैच में उन्होंने तीन ओवर में 14 रन देकर एक विकेट लिया जिससे भारत को मैच जीतने में मदद मिली। कुलदीप ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 365 विकेट लिए हैं और वो इस समय अपने करियर की पीक पर हैं ऐसे में टीम इंडिया चाहेगी कि उनके फॉर्म का फायदा उठाया जाए।

कुलदीप की शादी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी आने वाले हैं। कुलदीप के पिता, राम सिंह यादव, 8 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने गए और उन्हें पर्सनली शादी का न्योता दिया। अगर आप ये सोच रहे हैं कि कुलदीप की शादी का जश्न मसूरी में खत्म हो जाएगा तो आप गलत सोच रहे हैं, ऐसा नहीं होगा। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक ग्रैंड रिसेप्शन की योजना भी है।

0/Post a Comment/Comments