हाल ही में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच समाप्त हुई वनडे सीरीज के बाद वेस्टइंडीज के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। वनडे सीरीज में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर बांग्लादेश अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफ़ाई करने की दौड़ में वापस आ गया है जबकि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की धड़कनें बढ़ चुकी हैं।आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग के अनुसार, सीरीज़ जीतने के बाद बांग्लादेश 10वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंच गया है और उसने वेस्ट इंडीज़ को पीछे छोड़ दिया है।
वेस्टइंडीज की टीम बिना कोई मैच खेले ही 10वें स्थान पर खिसक गई है। ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में बांग्लादेश ने 290 रनों का बचाव करते हुए मैच 11 रनों से जीत लिया। इस जीत के साथ, बांग्लादेश अब क्वालिफ़ायर खेलने से बचने की उम्मीद कर सकता है, लेकिन अपनी रैंकिंग बनाए रखने के लिए उसे इस फ़ॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि अगले साल का वर्ल्ड कप साउथ अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इनमें से, साउथ अफ़्रीका और ज़िम्बाब्वे मेज़बान होने के नाते पहले ही क्वालिफ़ाई कर चुके हैं और बाकी शीर्ष 8 टीमें भी सीधे क्वालिफ़ाई करेंगी। इसके अनुसार, रैंकिंग में नौवें स्थान पर रहने वाली टीम भी बिना क्वालिफ़ायर खेले सीधे वर्ल्ड कप में जगह बना सकती है।

एक टिप्पणी भेजें