महिला प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स
की तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा ने इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ नंदिनी ने सायका इशाक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए खुद को भारतीय गेंदबाजों की एक खास लिस्ट में टॉप पर पहुंचा दिया। मौजूदा सीजन में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है।महिला प्रीमियर लीग 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला मंगलवार, 3 फरवरी को वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कोटांबी में गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस अहम मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा ने अपनी घातक गेंदबाज़ी से नया इतिहास रच दिया।
24 वर्षीय नंदिनी शर्मा, जो चंडीगढ़ से ताल्लुक रखती हैं, WPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज़ बन गई हैं। उन्होंने WPL 2026 में अब तक 9 मैचों में 16 विकेट झटके हैं। इससे पहले WPL 2023 में सायका इशाक ने 15 विकेट चटकाए थे। इसी के साथ नंदिनी अब भारतीय गेंदबाज़ों की इस खास सूची में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं।
एलिमिनेटर मुकाबले में नंदिनी ने शुरुआत से ही गुजरात जायंट्स पर दबाव बना दिया। अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने अनुष्का शर्मा (16) को पवेलियन भेजा, जबकि अगली ही गेंद पर गुजरात की कप्तान एश्ले गार्डनर को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। इस प्रदर्शन ने दिल्ली को मुकाबले में मजबूत स्थिति दिला दी।
भारतीय गेंदबाज़ों में एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने की सूची में नंदिनी के बाद सायका इशाक और श्री चरनी का नाम आता है। श्री चरनी ने भी मौजूदा सीजन में 9 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। वहीं ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो WPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा अमेलिया केर और हेली मैथ्यूज (18-18 विकेट, WPL 2025) के नाम दर्ज है।
दिलचस्प बात यह है कि WPL 2026 नंदिनी शर्मा का पहला ही सीजन है और वह अब ओवरऑल रिकॉर्ड से सिर्फ तीन विकेट दूर हैं। इस सीजन में उन्होंने अपने पहले सातों मैचों में कम से कम एक विकेट जरूर लिया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 2/26 और गुजरात जायंट्स के खिलाफ 5/33 के शानदार आंकड़े दर्ज किए थे, जिसमें हैट्रिक भी शामिल है। वहीं आज के मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने अपने 4 ओवर के स्पले में 44 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
एक टिप्पणी भेजें