VIDEO: हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा एलिस पेरी का दिल, डाइव लगाते हुए पकड़ा गज़ब का कैच

 


ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार, 15 फरवरी को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल में पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18 ओवर में सिर्फ 133 रनों पर सिमट गई। इस मैच में ना सिर्फ भारतीय गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला बल्कि फील्डर्स ने भी अपनी फील्डिंग से मेला लूट लिया और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तो एक ऐसा कैच पकड़ा जिसकी सोशल मीडिया पर भी काफी तारीफ हो रही है।

ये कैच किसी और का नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज एलिस पेरी का था जो अच्छे से सेट होकर बल्लेबाजी कर रही थीं लेकिन अरुंधति रेड्डी की गेंद पर हवाई शॉट लगाने के चक्कर में वो हरमनप्रीत कौर के हाथों लपकी गईं। हालांकि, ये कैच इतना भी आसान नहीं था। मिड ऑफ पर खड़ी हरमन को काफी भागना पड़ा और उन्होंने आखिरकार डाइव लगाकर इस शानदार कैच को पूरा किया। उनके इस कैच का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।

इस मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। उनके अलावा फीबी लिचफील्ड ने 19 गेंदों पर 26 रन, एलिस पेरी ने 11 गेंदों पर 20 रन और जॉर्जिया वोल ने 10 गेंदों पर 18 रनों की पारी खेलकर योगदान किया। सिडनी के मैदान पर भारतीय गेंदबाज़ों ने खूब धमाल मचाया। उनके लिए अरुंधति रेड्डी सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहीं जिन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट निकाले। उनके अलावा श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने 1-1 विकेट निकाला।

कुल मिलाकर यहां से अब हरमनप्रीत कौर की कैप्टेंसी वाली भारतीय टीम को जीत हासिल करने के लिए 134 रनों का टारगेट हासिल करना है। ऐसे में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस मैच में बने रहने के लिए पावरप्ले में कम से कम दो विकेट तो निकालने ही होंगे वरना ये मैच 15 ओवर में ही खत्म हो सकता है।

0/Post a Comment/Comments