भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन सोशल मीडिया पर अक्सर अपने बेबाक अंदाज़ और बयानों के चलते छाए रहते हैं और इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है। अश्विन ने भारतीय टीम को 15 फरवरी को होने वाले अपने ब्लॉकबस्टर मैच से पहले पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक से निपटने का सोल्यूशन दिया है। अश्विन के कमेंट्स ने कुछ फैंस को हंसने पर भी मजबूर कर दिया।
अपने यूट्यूब शो ऐश की बात पर बोलते हुए, अश्विन ने एक चालाकी भरी तरकीब बताई, जिस पर उन्होंने ज़ोर दिया कि ये पूरी तरह से लीगल है। अश्विन ने कहा, "एक चीज़ है जो मैं देखना चाहता हूं। ऐसा करने की हिम्मत कौन करता है? अगर तारिक डिलीवरी से पहले पॉज़ करते हैं, तो बैटर को हटने का हक है। बैटर कह सकता है, 'मुझे नहीं पता कि बॉल कब आ रही है, इसलिए मैं हट गया।"
उन्होंने आगे कहा, "ये एक दिलचस्प मामला होगा और अंपायर के लिए बहुत बड़ा सिरदर्द होगा। अंपायर को तय करना होगा कि बॉलर को चेतावनी देनी है या बैटर को। संभावना है और क्रिकेट ऐसे ही चलता है, बॉलर को पहले चेतावनी दी जाएगी। सोचिए, ये इतना बड़ा मैच है और तारिक सबका ध्यान खींच रहा है। उसे 24 गेंदें ऐसे ही फेंकनी हैं। अगर बैटर पीछे हटने लगे, तो सोचिए तारिक पर कितना प्रेशर होगा। उसे मैच के बीच में अपना एक्शन बदलना पड़ सकता है। पाकिस्तान का ट्रंप कार्ड शायद कुछ भी न साबित हो।”

एक टिप्पणी भेजें