T20WC 2026: चेन्नई में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा, बेनेट की 97 रन की पारी के बावजूद जिम्बाब्वे को मिली 72 रन से शिकस्त


T20 World Cup 2026 Super 8, India vs Zimbabwe Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारतीय टीम ने 256 रन का पहाड़ खड़ा कर जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया। अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारियों ने मैच का रुख तय कर दिया। जवाब में जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। इस जीत के साथ ही भारत ने खुद को सेमीफाइनल की रेस में बनाए रखा है और साउथ अफ्रीका का सेमीफाइनल का टिकट भी पक्का हो गया है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का आठवां मुकाबला गुरुवार (26 फरवरी) को भारत और जिम्बाब्वे के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनके इस निर्णय को गलत साबित कर दिया।

भारत ने पावरप्ले में ही 80 रन जोड़कर तेज शुरुआत की। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाकर आक्रामक अंदाज दिखाया। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने भी 13 गेंदों में 33 रन ठोकते हुए रन गति को बरकरार रखा।

इसके बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए 31 गेंदों में नाबाद 84 रन जोड़ डाले। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में नाबाद 44 रन जोड़कर टीम को 256 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे ने तदिवानाशे मारुमानी (20) और डायोन मायर्स (6) के रुप में दौ अहम विकेट सस्ते में खोए। हालांकि सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने एक छोर से लड़ाई करते हुए 59 गेंदों में नाबाद 97 रन की पारी खेली, वहीं कप्तान सिकंदर रजा (31) ने भी कुछ रन जोड़े, लेकिन इसके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका और टीम 184 रन तक ही पहुंच पाई।

भारत के लिए गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट चटकाए, वहीं वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने भी 1-1 सफलता हासिल की।

इस तरह भारत ने 72 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया और सेमीफाइनल की रेस में खुद को बनाए रखा है। वहीं भारत की इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका का भी सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो गया है।

0/Post a Comment/Comments