T20 World Cup 2026: आंखों को धोखा दे गई Crishan Kalugamage की गूगली, Dipendra Singh को किया क्लीन बोल्ड; VIDEO

 


आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली के स्पिनर क्रिसन कलुगामागे ने शानदार गूगली से नेपाल के अनुभवी बल्लेबाज़ दीपेंद्र सिंह ऐरी को क्लीन बोल्ड कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। इस विकेट ने नेपाल की पारी की रफ्तार पूरी तरह तोड़ दी और इटली को मुकाबले में मजबूत पकड़ दिला दी।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 17वां मुकाबला गुरुवार (12 फरवरी) को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में इटली और नेपाल के बीच खेला गया, जहां इटली के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन के साथ नेपाल की बल्लेबाज़ी पर लगाम कस दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला इटली के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ।

नेपाल की पारी के दौरान असली मोमेंट 14वें ओवर में देखने को मिला, जब क्रिसन कलुगामागे ने अपनी घातक गूगली से अनुभवी दीपेंद्र सिंह ऐरी को चकमा दे दिया। ऐरी आगे बढ़कर ड्राइव खेलने की कोशिश में थे, लेकिन गेंद अचानक अंदर की तरफ टर्न होते हुए बल्ले और पैड के बीच से निकलकर सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई। यह विकेट नेपाल की पारी के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।

VIDEO:

इससे पहले ऐरी 18 गेंदों में 17 रन बनाकर टिकने की कोशिश कर रहे थे और तेजी से रन बनाने की तैयारी में दिख रहे थे, लेकिन कलुगामागे की इस जादुई गेंद ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया और नेपाल का मिडिल ऑर्डर दबाव में आ गया। क्रिसन कलुगामागे ने पारी में अपने चार के स्पेल में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट झटके।

मैच की बात करें तो नेपाल की पूरी टीम 19.3 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। टीम के लिए आरिफ शेख ने 27 रन, रोहित पौडेल ने 23 रन और आसिफ शेख ने 20 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज़ खास योगदान नहीं दे सके।

जवाब में जस्टिन मोस्का (60*) और एंथनी मोस्का (62*) की तूफानी पारियों के दम पर इटली ने बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया और 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

0/Post a Comment/Comments