SCO vs ENG, T20 World Cup 2026: कोलकाता में इंग्लिश टीम की जीत के हीरो बने टॉम बैंटन, इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से दी मात

 


SCO vs ENG, ICC T20 World Cup 2026: हैरी ब्रूक (Harry Brook) की कैप्टेंसी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम (England Cricket Team) ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शनिवार, 14 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 23वे मुकाबले में स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराकर जीत हासिल की। गौरतलब है कि इस मुकाबल में इंग्लैंड की जीत के हीरो मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ टॉम बैंटन (Tom Banton) रहे, जिन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक ने ही टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद उन्होंने स्कॉटलैंड को 19.4 ओवर में 152 रनों के स्कोर पर ऑल आउट किया। स्कॉटलैंड के लिए कैप्टन रिची बेरिंगटन ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 32 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 49 रनों की पारी खेली।

उनके अलावा माइकल जोन्स ने 20 गेंदों पर 33 रन, टॉम ब्रूस ने 18 गेंदों पर 24 रन और ओलिवर डेविडसन ने 15 गेंदों पर नाबाद 20 रनों की पारी खेलकर अहम योगदान किया। बात करें अगर इंग्लैंड के गेंदबाज़ों की तो आदिल राशिद ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन ने 2-2 विकेट और सैम करन और जेमी ओवरटन ने 1-1 विकेट निकाला।

यहां से अब इंग्लैंड के सामने जीत हासिल करने के लिए 153 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए फिल साल्ट (03 गेंदों पर 02 रन) और जोस बटलर (04 गेंदों पर 03 रन) सस्ते में आउट हो गए। हालांकि इसके बाद टॉम बैंटन और जैकेब बेथेल की जोड़ी ने इंग्लिश इनिंग को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की।

जान लें कि टॉम बैंटन इंग्लिश टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे जिन्होंने एक छोर आखिर तक संभाला और 41 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 63 रन ठोके। उनके अलावा जैकब बेथेल ने 28 गेंदों 32 रन, सैम करन ने 20 गेंदों पर 28 रन और विल जैक्स ने 10 गेंदों पर नाबाद 16 रनों की पारी खेली।

इन्हीं पारियों के दम पर इंग्लैंड ने 18.2 ओवर में 153 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 5 विकेट से मुकाबला जीता। जान लें कि इस जीत के साथ अब इंग्लैंड की टीम ग्रुप सी की पॉइंट्स टेबल पर दूसरे पायदान पर पहुंच चुकी है। उनके नाम 3 मैचों में 2 जीत और 1 हार के साथ कुल 4 अंक दर्ज हैं।

0/Post a Comment/Comments