ना नो बॉल, ना सिक्स… फिर कैसे एक गेंद पर बन गए 9 रन? U-19 World Cup में भारतीय टीम से हुई बड़ी चूक

 


अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक अजीबो-गरीब वाकया देखने को मिला, जब एक ही गेंद पर अफगान टीम के खाते में पूरे 9 रन जुड़ गए। यह रन न तो नो बॉल से आए और न ही किसी छक्के से, बल्कि फील्डिंग में हुई एक छोटी सी चूक की वजह से बने।

बुधवार (4 फरवरी) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक दुर्लभ घटना देखने को मिली, जिसने सभी को चौंका दिया। इस मैच में अफगान कप्तान महबूब खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पारी के 17वें ओवर में खेल का सबसे अनोखा पल सामने आया।

यह ओवर भारत की ओर से दीपेश देवेन्द्रन डाल रहे थे, जिन्होंने पहली पांच गेंदों में सिर्फ एक रन दिया था। लेकिन आखिरी गेंद पर बल्लेबाज फैसल शिनोज़ादा ने लेग साइड की ओर शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद से चूक गए। विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू भी गेंद को ठीक से पकड़ नहीं सके।

गेंद विकेट के पीछे रखे फील्डिंग साइड के हेलमेट से टकरा गई और सीमा रेखा की ओर चली गई। इसके बाद अंपायर ने नियम के तहत अफगानिस्तान को 5 पेनल्टी रन और 4 बाउंड्री रन दे दिए, यानी एक ही गेंद पर पूरे 9 रन जुड़ गए। यह फैसला एमसीसी के नियम 28.3.2 के अनुसार लिया गया।

यह दुर्लभ घटना देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गई। क्रिकेट में ऐसी घटनाएं बहुत कम देखने को मिलती हैं, जहां बिना नो बॉल या सिक्स के एक गेंद पर इतने रन बन जाएं।

मैच की बात करें तो अफगानिस्तान के लिए फैसल शिनोज़ादा और उज़ैरउल्लाह नियाज़ी ने शानदार शतक जमाए। शिनोज़ादा ने 93 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 110 रन बनाए, जबकि नियाज़ी ने 86 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोके। इन पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

टीमें:

अफगानिस्तान अंडर19 (प्लेइंग इलेवन): उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, खातिर स्टानिकजई, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान।

भारत अंडर 19 (प्लेइंग इलेवन): एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन।

0/Post a Comment/Comments