इंग्लैंड की क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। पाकिस्तान को सुपर-8 मैच में हराने के बाद इंग्लैंड सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई और उन्हें सेमीफाइनल का टिकट दिलाने में कप्तान हैरी ब्रूक ने अहम भूमिका निभाई। ब्रूक हर किसी को हैरान करते हुए इस मैच में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे और शतक लगाकर उन्होंने पाकिस्तान के होश उड़ा दिए।
उनकी 51 गेंदों में 100 रनों की पारी के बाद उनसे एक सीधा सवाल पूछा गया कि क्या वो इस सेंचुरी के बाद इंग्लैंड के लिए नंबर 3 पर खेलना जारी रखेंगे? इस सवाल का जवाब तो उन्होंने नहीं दिया लेकिन इतना बता दिया कि सबकुछ हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के हाथ में है। ब्रूक ने पूरे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन में नंबर 5 पर बैटिंग की लेकिन इस पोजिशन पर उन्हें ज़्यादा सफलता नहीं मिली लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में जब वो नंबर तीन पर खेलने उतरे तो सबकुछ बदल गया।
ब्रूक ने मैच के बाद नंबर तीन पर खेलने को लेकर कहा, "मुझे नहीं पता। ये मेरे और बैज़ (ब्रैंडन मैकुलम) के लिए बात करने की बात है। मैं जितनी देर बैटिंग करता हूं, मेरे लिए उतना ही अच्छा होता है। जब आप पहले से सेट होते हैं तो बीच के समय में उनके बेस्ट बॉलर्स का सामना करना बहुत आसान होता है। ठीक है, मुझे लगता है कि कुछ हद तक पाकिस्तान के खिलाफ मेरे अतीत और इतिहास की वजह से भी ऐसा किया गया, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, पावर प्ले का ज़्यादा से ज़्यादा इस्तेमाल करने और उन्हें शुरू में प्रेशर में डालने की कोशिश करना ही जरूरी था। मुझे पता है कि हम विकेट खो रहे थे, लेकिन मेरा काम फिर भी वहां जाकर उन्हें पूरे समय प्रेशर में रखना था।"

एक टिप्पणी भेजें