महिला प्रीमियर लीग 2026 का सातवां मुकाबला यूपी वॉरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बुधवार (14 जनवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और किरण नवगिरे खाता खोले बिना आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान मेग लैनिंग और फोएबे लिचफील्ड ने पारी संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 43 रन जोड़े। फोएबे लिचफील्ड ने 20 गेंदों में 27 रन बनाए।
इसके बाद मेग लैनिंग ने हरलीन देओल के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 गेंदों में 85 रनों की अहम साझेदारी की। हरलीन देओल 47 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुईं, जबकि मेग लैनिंग ने 38 गेंदों में 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इन पारियों की बदौलत यूपी वॉरियर्स ने 154 रन का स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मारिजाने कैप और शेफाली वर्मा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी, नंदिनी शर्मा और स्नेह राणा को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शेफाली वर्मा और लिजेल ली ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 गेंदों में 94 रन की मजबूत साझेदारी हुई। शेफाली वर्मा ने 32 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि लिजेल ली ने आक्रामक अंदाज में 44 गेंदों में 67 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इसके बाद कप्तान लौरा वोलवार्ड ने 24 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने 14 गेंदों में नाबाद 21 रन जोड़े। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 6 रन चाहिए थ, मैच आखिरी गेंद तक गया और लौरा वोलवार्ड ने अंतिम गेंद पर चौका लगाते हुए टीम को जीत दिला दी।
यूपी वॉरियर्स की ओर से दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट झटके, जबकि आशा शोभना को 1 सफलता मिली।
कुल मिलाकर नतीजा यह रहा कि दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर महिला प्रीमियर लीग 2026 का अकतालिका में अपने पहले 2 अंक हासिल किए।
एक टिप्पणी भेजें