खाता खोलने के लिए तरसीं न्यूजीलैंड की बल्लेबाज, Amelia Kerr का नाम दर्ज हुआ WPL की इस अनचाही लिस्ट में

 


महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) के ओपनिंग मैच में अमेलिया केर का बल्ला खामोश नजर आया। मुंबई इंडियंस के लिए ओपनिंग करते हुए वह शुरुआती गेंदों पर रन बनाने के लिए जूझती दिखीं। इस दौरान अमेलिया केर का नाम WPL इतिहास की ऐसी लिस्ट दर्ज में हो गया है, जिसमें कोई भी बल्लेबाज नहीं आना चाहेगी।

शुक्रवार, 09 जनवरी को खेले जा रहे महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए कुछ खास नहीं रही और इसका असर ओपनिंग बल्लेबाज अमेलिया केर के प्रदर्शन पर भी साफ दिखा। आरसीबी के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड कीऑलराउंडर अमेलिया केर को रन का खाता खोलने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।

हेले मैथ्यूज की गैरमौजूदगी में अमेलिया केर को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन वह पावरप्ले का फायदा उठाने में नाकाम रहीं। आरसीबी की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ केर पर दबाव बनाया और उन्हें पहली 10 गेंदों तक रन नहीं बनाने दिया।

अमेलिया केर ने 11वीं गेंद पर जाकर अपना खाता खोला और इसी के साथ वह WPL इतिहास में सबसे ज्यादा गेंदें खेलने के बाद पहला रन बनाने वाली बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गईं। इस अनचाही सूची में उनसे आगे सिर्फ ग्रेस हैरिस हैं, जिन्होंने 2024 में 15 गेंदों बाद खाता खोला था।

WPL में खाता खोलने के लिए सबसे ज़्यादा गेंदें खेलने वाली बल्लेबाज

ग्रेस हैरिस – 15 गेंदें

  • (यूपी वॉरियर्ज़ बनाम मुंबई इंडियंस, दिल्ली – 2024)

अमेलिया केर – 11 गेंदें

  • (मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, नवी मुंबई – 2026)

अमेलिया केर इस मैच में 11 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर लॉरेन बेल का शिकार बनीं। उनके जल्दी आउट होने से मुंबई इंडियंस का पावरप्ले भी प्रभावित हुआ और टीम पहले छह ओवरों में सिर्फ 34 रन ही बना सकी।

मैच की बात करें तो इस धीमी शुरुआत के बाद निकोला केरी (29 गेंदें, 40 रन) और सजीवन सजना (25 गेंदें, 45 रन) के बीच 5वें विकेट के लिए 49 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी देखने को मिली, जिसके दम पर मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 154 रन बनाए।

आरसीबी के लिए नादिन डी क्लार्क ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को 1-1 सफलता मिली।

0/Post a Comment/Comments