दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार, 23 दिसंबर को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 सीजन के लिए जेमिमा रोड्रिग्स को अपनी नई कप्तान घोषित किया। वह पूर्व ऑस्ट्रेलियन कप्तान मेग लैनिंग की जगह लेंगी, जिनके नेतृत्व में दिल्ली ने लगातार तीन बार WPL फाइनल तक का सफर तय किया था। फ्रेंचाइज़ी मैनेजमेंट इस बार भारतीय नेतृत्व पर भरोसा जताना चाहता था, और इसी सोच के तहत जेमिमा को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
25 वर्षीय जेमिमा हाल ही में भारत की ऐतिहासिक ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीत का अहम हिस्सा रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उनकी नाबाद 127 रनों की शानदार पारी ने भारत को 339 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल करने में मदद की थी। बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की उनकी काबिलियत ने उन्हें कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार बनाया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए जेमिमा अब तक 27 WPL मैच खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 139.67 के स्ट्राइक रेट से 507 रन बनाए हैं। वह लीग के अब तक के तीनों सीजन के फाइनल में टीम का हिस्सा रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें