मॉक ऑक्शन में कैमरून ग्रीन ने मचाई धूम, KKR ने IPL इतिहास की बड़ी बोली लगाकर किया टीम में शामिल

 


आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले स्टार स्पोर्ट्स ने एक मॉक ऑक्शन का आयोजन किया, जिसमें बड़े-बड़े नामों पर जमकर बोली लगी। इस मॉक ऑक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन पर 30.50 करोड़ रुपये खर्च कर सबको चौंका दिया। अगर असली ऑक्शन में ऐसा हुआ, तो ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन जाएंगे।

मंगलवार (16 दिसंबर) को अबू धाबी में होने वाली आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन से पहले स्टार स्पोर्ट्स ने एक खास मॉक ऑक्शन का आयोजन किया, जिसने क्रिकेट फैंस और फ्रेंचाइज़ियों के बीच जबरदस्त चर्चा पैदा कर दी है। इस मॉक ऑक्शन में खिलाड़ियों पर लगने वाली संभावित बोलियों की झलक देखने को मिली, जहां सबसे बड़ी बोली कैमरून ग्रीन के नाम रही।

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिली। आखिरकार KKR ने 30.50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर ग्रीन को अपने नाम कर लिया। मॉक ऑक्शन के मुताबिक, अगर असली नीलामी में भी ऐसी बोली लगती है तो ग्रीन ऋषभ पंत (27 करोड़) को पीछे छोड़ IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन जाएंगे।

इस मॉक ऑक्शन में अलग-अलग फ्रेंचाइज़ियों का प्रतिनिधित्व पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने किया। KKR की ओर से रॉबिन उथप्पा, CSK के लिए सुरेश रैना, RCB के लिए अनिल कुंबले, दिल्ली कैपिटल्स के लिए मोहम्मद कैफ, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सुब्रमण्यम बद्रीनाथ, मुंबई इंडियंस के लिए अभिनव मुकुंद, पंजाब किंग्स के लिए संजय बांगर, गुजरात टाइटंस के लिए चेतेश्वर पुजारा और राजस्थान रॉयल्स के लिए आकाश चोपड़ा ने बोली लगाई।

मॉक ऑक्शन में डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने 9.5 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि सरफराज खान को चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 करोड़ में अपने स्क्वाड में शामिल किया। लियाम लिविंगस्टोन पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 करोड़ की बोली लगाई, वहीं CSK 18.50 करोड़ तक गई लेकिन आखिरी बोली LSG ने जीती।

इसके अलावा मथीशा पाथिराना को KKR ने 13 करोड़, राहुल चाहर को CSK ने 10 करोड़ और रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने 11.50 करोड़ में खरीदा। इस मॉक ऑक्शन ने साफ कर दिया है कि IPL 2026 का असली ऑक्शन बेहद रोमांचक और रिकॉर्ड तोड़ बोलियों से भरा हो सकता है।

0/Post a Comment/Comments