Top 7 Test Pacers with Most Overs Since 2020: इंग्लैंड और भारत के बीच 2025 की टेस्ट सीरीज ने एक बार फिर दिखा दिया कि मौजूदा दौर के तेज गेंदबाज कितनी मेहनत और फिटनेस के दम पर लंबे समय तक गेंदबाजी कर रहे हैं। इसी सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 2020 के बाद 1000 से ज्यादा ओवर फेंकने वाले चुनिंदा गेंदबाजों के खास क्लब में जगह बना ली।
यह तो आप बखूबी समझते होंगे कि, लंबे स्पेल डालने का असर खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी पड़ता है। इसका उदाहरण इंग्लैंड के ब्राइडन कार्स हैं, जिन्होंने महज चार टेस्ट में 155 ओवर फेंकने के बाद अपने वर्कलोड मैनेज करने के लिए द हंड्रेड 2025 से नाम वापस ले लिया।
इस समय टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाजी का सुनहरा दौर देखा जा रहा है। कई दिग्गज गेंदबाज लगातार लंबी गेंदबाजी करके अपनी टीम के लिए सीरीज के नतीजे बदल रहे हैं। इसी क्रम में, आइए जानते हैं 2020 के बाद सबसे ज्यादा ओवर फेंकने वाले सात तेज गेंदबाजों के बारे में।
ये हैं 2020 के बाद टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा ओवर फेंकने वाले टॉप 7 तेज गेंदबाज
7. स्टुअर्ट ब्रॉड – 1025.1 ओवर, 128 विकेट
स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2020 से लेकर अपने रिटायरमेंट (एशेज 2023) तक 1025.1 ओवर डाले और 128 विकेट झटके। एशेज में द ओवल मैदान पर उनका आखिरी मैच यादगार रहा, लेकिन उनकी सबसे बड़ी खासियत लंबे और कठिन स्पेल डालने की क्षमता रही, जिससे उन्होंने कई बार टीम को जीत दिलाई।
6. मोहम्मद सिराज – 1069.5 ओवर, 123 विकेट
मोहम्मद सिराज ने 2020 से अब तक 1069.5 ओवर फेंके और 123 विकेट अपने नाम किए हैं। सिराज का उभार 2021/22 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया में देखने को मिला था। इंग्लैंड के खिलाफ 2025 की टेस्ट सीरीज में वह कई बार भारत के मुख्य तेज गेंदबाज की भूमिका में दिखे और द ओवल में टीम को 2-2 की सीरीज ड्रॉ कराने में मदद भी की।
5. जसप्रीत बुमराह -1069.5 ओवर, 157 विकेट
भारत के जसप्रीत बुमराह ने 2020 के बाद 1069.5 ओवर फेंके और 157 विकेट चटकाए। अपनी अनोखी गेंदबाजी शैली और खतरनाक यॉर्कर के लिए मशहूर बुमराह चोटों के बावजूद लगातार लंबे और असरदार स्पेल डालते रहे हैं। 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा।
4.जेम्स एंडरसन – 1246.4 ओवर, 127 विकेट
इंग्लैंड के दिग्गज जेम्स एंडरसन ने 2020 से अब तक 1246.4 ओवर डाले और 127 विकेट लिए। उन्होंने 40 की उम्र के बाद भी अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखाया। कंट्रोल और मूवमेंट के मास्टर एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए लगातार लंबे स्पेल डाले और टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया।
3. टिम साउदी – 1248 ओवर, 121 विकेट
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान टिम साउदी ने 2020 से अब तक 1248 ओवर फेंके और 121 विकेट हासिल किए। ट्रेंट बोल्ट के टेस्ट क्रिकेट से धीरे-धीरे बाहर होने के बाद उन्होंने गेंदबाजी की कमान संभाली। वह घरेलू स्विंग कंडीशंस में तो घातक रहे ही, साथ ही उन्होंने विदेश में भी असरदार प्रदर्शन किया।
2. मिचेल स्टार्क – 1253.3 ओवर, 162 विकेट
मिचेल स्टार्क ने 2020 के बाद 1253.3 ओवर डाले और 162 विकेट अपने नाम किए। वह ऑस्ट्रेलिया के स्ट्राइक गेंदबाज हैं, जो नई गेंद से और रिवर्स स्विंग के समय विपक्षी टीमों के लिए खौफ बन जाते हैं। खासकर पिंक बॉल टेस्ट में उनके लंबे और तेज स्पेल मैच का रुख पलट देते हैं।
1. पैट कमिंस – 1270.4 ओवर, 170 विकेट
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 2020 के बाद अब तक 1270.4 ओवर फेंके हैं और 170 विकेट झटके हैं। मौजूदा दौर के सबसे फिट और भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल कमिंस ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ, तेज रफ्तार और स्टैमिना के दम पर ऑस्ट्रेलिया को 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जिताने और इंग्लैंड में एशेज बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई।

एक टिप्पणी भेजें