IPL 2023: SRH को भारी पड़ा हैरी ब्रूक पर साढ़े 13 करोड़ का दांव, 11 मैचों में से 10 में रहे फ्लॉप

 


IPL 2023: ऐसा विदेशी खिलाड़ी जो आया था पाकिस्तान से हीरो बनकर, लेकिन जब भारत से गया तो जीरो बनकर। पीएसएल यानी पाकिस्तान सुपर लीग में जो बल्लेबाज सबसे ज्यादा छाया रहा, उसकी आईपीएल की पिच पर एक ना चली। हम बात कर रहे हैं हैरी ब्रूक की, जिन्होंने पाकिस्तान में 8 पारियों में जो कर दिखाया था, भारत में 11 पारियां खेलकर भी ना कर सके। आईपीएल 2023 के ऑक्शन में हैरी ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था। बेस प्राइस तो सिर्फ डेढ़ करोड़ रुपये थी। लेकिन, जब बोली शुरू हुई तो जल्दी ही उसने आसमान छू लिया। आखिरकार एसआरएच की ऑरेंज आर्मी ने 13.25 करोड़ रुपये में उन्हें खरीद लिया।

पीएसएल में प्रदर्शन के आधार पर लगी बंपर बोली

हैरी ब्रूक पर लगी इस महंगी बोली के पीछे की सबसे बड़ी वजह पाकिस्तान सुपर लीग में किया उनका विस्फोट ही था। पीएसएल के आंकड़े देख उनपर बोली लगाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद अकेली भी नहीं थी। IPL 2023 के ऑक्शन में वो इस रेस में जीती जरूर थी पर हैरी ब्रूक को खरीदने की चाह में राजस्थान रॉयल्स उसे कड़ी टक्कर देती दिखी थी।

पाकिस्तान का हीरो, भारत में जीरो

पीएसएल की 8 पारियों में हैरी ब्रूक ने 171.42 की स्ट्राइक रेट और 52.80 की औसत के साथ 264 रन जड़े थे, जिसमें नाबाद 102 रन उनका बेस्ट स्कोर था। लेकिन वही हैरी ब्रूक जब भारतीय पिचों पर उतरे तो IPL 2023 के 11 मैच खेलने के बाद उनसे 200 रन नहीं बने। उनका 123.37 वाला स्ट्राइक रेट गर्त में समाया दिखा और औसत 21.11 का रहा। आईपीएल में हैरी ब्रूक का बेस्ट सिर्फ एक इनिंग में दिखा, जब उन्होंने ईडन गार्डन्स पर केकेआर के खिलाफ शतक जमाया। लेकिन, उसके अलावा 10 पारियों में वो बस 90 रन ही बना सके।

हैरी ब्रूक बने सनराइजर्स हैदराबाद की कमजोर कड़ी

IPL 2023 में इस प्रदर्शन को देखने के बाद साफ है कि सनराइजर्स हैदराबाद को हैरी ब्रूक का सौदा महंगा नहीं, बहुत महंगा पड़ा है। हैरी ब्रूक का ना चलना एक बड़ा फैक्टर रहा है इस बात का कि सनराइजर्स हैदराबाद को ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा है। उस टीम ने आईपीएल के 14 मैचों में से सिर्फ 4 जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर भी रही है।

0/Post a Comment/Comments