क्या IPL से संन्यास लेने वाले हैं MS Dhoni? आज 2 बजे माही करने वाले हैं बड़ा ऐलान


महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। भारतीय टीम को तीन ICC खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) वैसे तो अक्सर सोशल मीडिया पर कुछ खास एक्टिव नहीं रहते हैं, लेकिन शनिवार को धोनी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाला, जिसमें उन्होंने बताया कि वह एक बड़ा ऐलान करने वाले हैं। 

25 सितंबर को करेंगे ऐलान

धोनी ने बताया वह 25 सितंबर को सोशल मीडिया पर लाइव आएंगे। इसकी जानकारी खुद धोनी ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिये दी है और खुलासा किया है कि वह दोपहर दो बजे प्रशंसकों के साथ कुछ रोमांचक समाचार साझा करेंगे। घोषणा किस बारे में है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है।

महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने अपनी पोस्ट में लिखा है,   ‘मैं आपके साथ एक खबर साझा करूंगा। मैं 25 सितंबर को दोपहर 2 बजे लाइव आकर ये जानकारी दूंगा। आशा करता हूं, आप सब वहां होंगे।’ 

इस पोस्ट के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि महेंद्र सिंह धोनी शायद IPL से संन्यास लेने वाले हैं। धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा भी सोशल मीडिया के जरिए ही की थी। 

लोग मान रहे है कि अगला आईपीएल धोनी का आखिरी हो सकता है। ऐसे में फैन्स को डर है कि कहीं धोनी संन्यास से जुड़ी कोई घोषणा नहीं कर दें। महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) पहले बता चुके हैं कि वह आईपीएल में अपने होम ग्राउंड यानी चेन्नई सुपर किंग्स के होम ग्राउंड पर आखिरी मैच खेलना चाहते हैं।

भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं महेंद्र सिंह धोनी

धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 के वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 41 साल के धोनी ने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 350 वनडे, 98 टी20 और 90 टेस्ट खेले और तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 17266 रन बनाए।  

इस दौरान उन्होंने 108 अर्धशतक और 16 शतक लगाए। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में जीत हासिल की। आईपीएल में अपनी कप्तानी में धोनी ने सीएसके को चार बार विजेता भी बनाया है। 

0/Post a Comment/Comments