VIDEO: नेट्स में भिड़े केएल राहुल और आकिब नबी, चौके-छक्के खाने के बाद किया राहुल को बोल्ड

 


इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के19वें सीजन में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान का आगाज लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली सीजन का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। वहीं, एलएसजी भी अपने घरेलू मैदान पर दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

इस मैच से पहले दिल्ली की टीम जमकर अभ्यास कर रही है और नेट्स एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे आप जरूर देखना चाहेंगे। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि नेट्स में केएल राहुल और आकिब नबी भिड़ रहे हैं। शुरुआत में केएल राहुल नबी पर भारी पड़ते हैं और जमकर चौके-छक्के लगाते हैं लेकिन अंत में बाजी नबी मार जाते हैं।

नबी की एक शानदार अंदर आती हुई गेंद पर राहुल गच्चा खा जाते हैं और बोल्ड हो जाते हैं। दो बेस्ट प्लेयर्स के बीच इस बैटल को देखकर काफी उत्साहित दिखे लेकिन एक सच ये भी है कि आईपीएल में इस सीजन में तो ये भिड़ंत सिर्फ नेट्स में ही दिखेगी क्योंकि दोनों खिलाड़ी एक ही टीम में हैं। इस बैटल का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।

अगर दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो उनके लिए पिछला सीजन मिला जुला रहा था। शुरुआत में टीम ने दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की गाड़ी जीत की पटरी से उतर गई थी। कागज पर दिल्ली आईपीएल 2026 में भी काफी दमदार दिख रही है। सलामी बल्लेबाज के तौर पर टीम के पास केएल राहुल जैसा अनुभवी बल्लेबाज मौजूद है, जिनका साथ पृथ्वी शॉ देते हुए नजर आ सकते हैं। अभिषेक पोरेल ने पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था और 146 के स्ट्राइक रेट से 301 रन बनाए थे। करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल और नीतीश राणा की मौजूदगी में टीम का मध्यक्रम भी संतुलित नजर आ रहा है। डेविड मिलर के आने से टीम के बल्लेबाजी क्रम को और मजबूती मिली है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि टीम इस सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है।


0/Post a Comment/Comments