VIDEO: वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया ‘धोनी स्टाइल’, एक नहीं दो बार हेलीकॉप्टर शॉट से उड़ाए छक्के

 


पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने महेंद्र सिंह धोनी के फेमस हेलीकॉप्टर शॉट की झलक दिखाते हुए दो शानदार छक्के जड़े। इस दौरान उन्होंने अर्शदीप सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन जैसे गेंदबाजों को निशाना बनाया।

न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में मंगलवार (28 अप्रैल) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में 15 साल के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर सबको चौंका दिया। इस बार उन्होंने अपने शॉट से सभी को महेंद्र सिंह धोनी की याद दिला दी।

पारी के दूसरे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर फर्ग्यूसन ने फुल लेंथ डिलीवरी डाली, जिस पर सूर्यवंशी ने जबरदस्त कलाईयों का इस्तेमाल करते हुए हेलीकॉप्टर शॉट खेला। गेंद मिड-विकेट के ऊपर से सीधा छक्के के लिए चली गई। यह शॉट बिल्कुल धोनी स्टाइल में था, जिसने फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इसके बाद चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह के खिलाफ भी सूर्यवंशी ने वही कमाल दोहराया। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने एक और हेलीकॉप्टर शॉट खेलते हुए गेंद को मिड-विकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। 

VIDEO:

हालांकि, इसी ओवर की अगली गेंद पर अर्शदीप सिंह ने वापसी करते हुए सूर्यवंशी को आउट कर दिया। सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने पावरप्ले में राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई।

इस सीजन सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 9 पारियों में 400 रन बनाते हुए इस सीजन दूसरी बार ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली है और उनका स्ट्राइक रेट भी 238 से ज्यादा का है। उनकी बल्लेबाजी लगातार विपक्षी गेंदबाजों के लिए सिरदर्द बनी हुई है।

मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसमें प्रभसिमरन सिंह (59), प्रियांश आर्य (29) और कूपर कोनोली (30) ने अहम योगदान दिया। अंत में मार्कस स्टोइनिस ने 22 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

0/Post a Comment/Comments