RCB vs GT: सुदर्शन का शतक गया बेकार, कोहली और पडिक्कल की दमदार पारियों ने दिलाई RCB को 5 विकेट से जीत

 


IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार (24 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने साईं सुदर्शन के शतक की बदौलत 205 रन बनाए, लेकिन विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की शानदार पारियों के दम पर RCB ने 18.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 76 गेंदों में 128 रन की साझेदारी निभाई।

शुभमन गिल ने 24 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि साईं सुदर्शन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा जोस बटलर ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए, वहीं जेसन होल्डर ने 10 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए। इन पारियों के चलते टीम ने 205 रन का चूनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

आरसीबी के लिए गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड ने 1-1 विकेट हासिल किया।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जैकब बेथेल (10) के रुप में शुरुआती झटका जरुर जल्दी लगा। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रन की शानदार साझेदारी की। देवदत्त पडिक्कल ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

अंत में क्रुणाल पांड्या ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए और टीम को 18.5 ओवर में ही जीत दिला दी। इस तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7 गेंदें शेष रहते ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में राशिद खान ने 2 विकेट झटके, जबकि मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और जेसन होल्डर को 1-1 सफलता मिली।

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है, जबकि गुजरात टाइटंस को इस सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा है।

0/Post a Comment/Comments