वैभव सूर्यवंशी ने RCB के खिलाफ 15 गेंदों में पचास ठोककर रच दिया इतिहास, ये कारनामा करने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी

 


आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया। RCB के खिलाफ इस मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। 

राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक बार फिर इतिहास रच दिया। इस मुकाबले में RCB के 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने पांचवें ओवर में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर छक्का लगाकर यह कारनामा किया। यह इस सीजन में उनका दूसरा ऐसा अर्धशतक है, जब उन्होंने 15 या उससे कम गेंदों में फिफ्टी जड़ी है। इससे पहले उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों पचास ठोक दिया था।

इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास में ऐसे दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने दो बार 15 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया हो। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क कर पाए थे। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, पैट कमिंस, रोमारियो शेफर्ड, यूसुफ पठान, सुनील नरेन और निकोलस पूरन भी एक-एक बार यह कारनामा कर चुके हैं।

आईपीएल में 15 या उससे कम गेंदों में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज:

  1. जेक फ्रेजर-मैकगर्क (दिल्ली कैपिटल्स) – 2 बार
  2. वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) – 2 बार
  3. यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स) – 1 बार
  4. केएल राहुल (पंजाब किंग्स) – 1 बार
  5. पैट कमिंस (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 1 बार
  6. रोमारियो शेफर्ड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 1 बार
  7. यूसुफ पठान (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 1 बार
  8. सुनील नरेन (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 1 बार
  9. निकोलस पूरन (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 1 बार

इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 78 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 108 रन की साझेदारी की और टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

0/Post a Comment/Comments