PBKS vs SRH: पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया, प्रियांश-प्रभसिमरन और अय्यर ने ठोके अर्द्धशतक

 


SRH vs PBKS: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत हासिल कर ली। ये मैच जीतने के लिए सनराइडर्स ने पंजाब किंग्स के सामने 220 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे पंजाब ने 4 विकेट खोकर 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया। पंजाब की जीत में उनके दोनों ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH की टीम ने तूफानी शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने तूफानी अर्धशतक ठोका और 28 गेंदों पर 5 चौके और 8 छ्क्के ठोककर 74 रन बनाए। वहीं, उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने  33 गेंदों पर 39 रन, ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों पर 38 रन और ईशान किशन ने 17 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली।

पंजाब किंग्स के गेंदबाज़ों की बात करें तो शशांक सिंह ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं, अर्शदीप सिंह ने भी 4 ओवर में 50 रन देकर इतने ही विकेट निकाले। इनके अलावा जेवियर बार्टलेट ने भी 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट झटका। इसके बाद जब पंजाब की टीम एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उनके दोनों ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने भी तूफानी शुरुआत की और पावरप्ले में ही टीम को 90 के पार पहुंचा दिया।

प्रियांश ने आउट होने से पहले 20 गेंदों में 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 57 रन की पारी खेली। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने भी आउट होने से पहले 25 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। इन दोनों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और टीम की जीत को आसान बनाते हुए तूफानी अर्द्धशतक जड़ दिया। अय्यर ने 24 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहते हुए 69 रनों की पारी खेली। पंजाब ने 219 रनों के लक्ष्य को 7 गेंद बाकी रहते जीत लिया।

0/Post a Comment/Comments