IPL 2026: मुल्लांपुर में राजस्थान के रॉयल्स जलवा, 6 विकेट से जीतकर पंजाब किंग्स को चखाया हार का स्वाद


 IPL 2026, Punjab Kings vs Rajasthan Royals: मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम में मंगलवार (28 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 222 रन बनाए, लेकिन राजस्थान ने 19.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने पंजाब को सीजन की पहली हार थमा दी।

आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत तेज रही। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 17 गेंदों में 37 रन जोड़े।

प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने कूपर कोनोली और कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ अहम साझेदारियां कीं। कोनोली ने 30 रन बनाए, जबकि अय्यर ने भी 30 रन का योगदान दिया। प्रभसिमरन ने 44 गेंदों में 59 रन की शानदार पारी खेली।

आखिरी के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में नाबाद 62 रन ठोक दिए, जिससे पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में यश राज पुंजा ने 2 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को 1-1 सफलता मिली।

223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 20 गेंदों में 51 रन जोड़ दिए। सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।

इसके बाद डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में नाबाद 70 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

शुभम दुबे ने 12 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने 26 गेंदों में 52 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों की बेहतरीन फिनिशिंग की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पंजाब किंग्स के लिए गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को 1 सफलता मिली।

इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने 4 गेंद शेष रहते शानदार जीत दर्ज की और पंजाब किंग्स को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।

0/Post a Comment/Comments