IPL 2026: चेपॉक में 210 रन चेज कर पंजाब किंग्स ने मारी बाजी, CSK को 5 विकेट से हराकर बनी टेबल टॉपर

 


IPL 2026, Chennai Super Kings vs Punjab Kings Highlights: चेपॉक के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 210 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। CSK ने 209 रन बनाए थे, लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी और टॉप ऑर्डर की तेज शुरुआत के दम पर पंजाब ने 18.4 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया। इस जीत के साथ पंजाब अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई।

शुक्रवार (3 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही और संजू सैमसन 7 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद आयुष म्हात्रे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 96 रन की शानदार साझेदारी की। आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 72 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 22 गेंदों में 28 रन बनाए।

मध्यक्रम में सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रन ठोके, जबकि शिवम दुबे ने 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर टीम को 209 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में विजय कुमार वैशाख ने 2 विकेट झटके, जबकि मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद तेज रही। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए 26 गेंदों में 61 रन जोड़ दिए। प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए। इसके बाद कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 36 रन की अहम पारी खेली। 

वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी लेते हुए 29 गेंदों में 50 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। नतीजन पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ही 2-2 विकेट ले पाए।

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई, जबकि CSK को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

0/Post a Comment/Comments