DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से रौंदा, समीर रिजवी ने ठोके 90 रन

 


DC vs MI, IPL 2026:  दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने शनिवार, 04 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली। दिल्ली की इस जीत में मुख्य भूमिका उनके मिडल ऑर्डर बल्लेबाज समीर रिजवी ने निभाई। रिजवी ने आउट होने से पहले 90 रनों की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम की जीत को आसान बना दिया।

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने अपने कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए और दिल्ली कैपिटल्स के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ही मुंबई इंडियंस की कैप्टेंसी कर रहे थे और उन्होंने नंबर-4 पर बैटिंग करके टीम के लिए सबसे ज्यादा 36 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के ठोककर 51 रन बनाए। उनके अलावा MI के लिए रोहित शर्मा ने 26 गेंदों पर 35 रन और नमन धीर ने 21 गेंदों पर 28 रनों की अच्छी पारी खेली। 

बात करें अगर दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज़ों की तो मुकेश कुमार ने तीन ओवर में 26 रन देकर 2  विकेट झटके। वहीं लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन ने एक-एक विकेट हासिल किया। इसके बाद जब दिल्ली की टीम इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत भी काफी खराब रही और उन्होंने केएल राहुल और नितिश राणा के विकेट सिर्फ 7 रन के कुल स्कोर पर गंवा दिए।

इसके बाद ओपनर पथुम निस्सांका और नंबर चार पर आए समीर रिजवी ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए अर्द्धशतकीय साझेदारी करके अपनी टीम को मैच में आगे कर दिया। निस्सांका ने आउट होने से पहले 30 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली और समीर रिजवी ने 51 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 90 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को आसान सी जीत दिला दी। अंत में डेविड मिलर ने भी 18 गेंदों में 21 रन बनाकर औपचारिकता को पूरा किया और अपनी टीम को 18.1 ओवर में 6 विकेट से जीत दिला दी। मुंबई के लिए दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट लिया। रिजवी को उनकी 90 रनों की तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

0/Post a Comment/Comments