श्रेयस अय्यर ने एक साथ तोड़ा एडम गिलक्रिस्ट औऱ गौतम गंभीर का रिकॉर्ड,CSK के खिलाफ रचा इतिहास

 


श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (PBKS) ने शुक्रवार (3 अप्रैल) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से हरा दिया।

इस जीत में श्रेयस ने बल्ले से अहम योगदान दिया औऱ 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के जड़े। इस जीत के साथ ही बतौर कप्तान श्रेयस के नाम खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया। बतौर कप्तान चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में एडम गिलक्रिस्ट औऱ गौतम गंभीर को पछाड़कर श्रेयस दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

श्रेयस का बतौर कप्तान चेन्नई के खिलाफ यह 12वां मैच था, जिसमें सातवीं जीत मिली है। वहीं गिलक्रिस्ट (10 मैच) औऱ गंभीर (13 मैच) ने बतौर कप्तान चेन्नई के खिलाफ 6-6 मैच जीते हैं। 22 मैच में 12 जीत के साथ रोहित शर्मा इस लिस्ट में टॉप पर हैं।

इसके अलावा आईपीएल में 200 या उससे ज्यादा के स्कोर में सबसे ज्यादा टॉप स्कोर बनाने के मामले में भी अय्यर टॉप पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दसवीं बार यह कारनामा कर विराट कोहली को पीछे छोड़ा।

पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद चेन्नई ने 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। जिसमें आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन, शिवम दुबे ने 27 गेंदों में नाबाद 45 रन और सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.4 ओवर में 5 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। अय्यर के अलावा प्रभसमिरन सिंह ने 34 गेंदों में 43 रन, प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 39 रन की पारी खेली।

पंजाब की यह लगातार दूसरी जीत है और टीम पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है।

0/Post a Comment/Comments