4,4,4,6: वैभव सूर्यवंशी ने नहीं किया Josh Hazlewood का लिहाज़, 4 गेंदों पर ठोके 18 रन; देखें VIDEO

 


Vaibhav Sooryavanshi Vs Josh Hazlewood Video: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने बीते शुक्रवार, 10 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के खिलाफ महज़ 26 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज़ जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) का भी लिहाज नहीं किया और उनकी चार गेंदों पर एक के बाद एक चौके-छक्के लगाकर 18 रन ठोके।

जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना राजस्थान रॉयल्स की इनिंग के चौथे ओवर में घटी। यहां जोश हेजलवुड RCB के लिए अपने कोटे का दूसरा ओवर डालने थे जिसकी आखिरी चार गेंदों वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें टारगेट किया। यहां 15 साल के बल्लेबाज़ ने जोश की तीन गेंदों पर एक के बाद एक तीन चौके मारे और फिर आखिरी गेंद पर तो छ्क्का ही ठोक दिया। IPL ने खुद वैभव के इस छक्के का वीडियो साझा किया है, जिसे आप नीचे देख सकते हो।

खास बात ये है कि इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 15 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और आईपीएल में 20 गेंदों से कम में सबसे ज्यादा बार अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में एंट्री ले ली। उन्होंने तीसरी बार ये कारनामा करके जेक फ्रेजर मैक्गर्क और ट्रेविस हेड की बराबरी की है। इस लिस्ट में अब निकोलस पूरन और अभिषेक शर्मा ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने चार-चार बार ये कारनामा किया।

बताते चलें कि वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 टूर्नामेंट में अब तक 4 मैचों की 50 की औसत से 200 रन ठोक चुके हैं। वो फिलहाल टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में वैभव के बाद उन्हीं की टीम के साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल (04 मैचों में 183 रन) और ध्रुव जुरेल (04 मैचों में 176 रन) मौजूद हैं।

ऐसा रहा मैच का हाल: गुवाहाटी के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने रजत पाटीदार (40 गेंदों पर 63) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 201 रन बनाए थे। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों पर 78 रन ठोके और ध्रुव जुरेल ने 43 गेंदों पर नाबाद 81 रनों की पारी खेली। इन्हीं पारियों के दम पर RR की टीम ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर 202 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 6 विकेट से शानदार अंदाज़ में मुकाबला जीता।

0/Post a Comment/Comments