संजू सैमसन ने टी20 में 400 छक्के पूरे कर मारी रोहित और कोहली के एलीट क्लब में एंट्री, टूट गया धोनी का भी बड़ा रिकॉर्ड

 


Sanju Samson Record: आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में संजू सैमसन ने तूफानी पारी खेल इस सीजन का पहला शतक जड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेली गई उनकी पारी के दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे किए। इसके साथ ही वह रोहित शर्मा और विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हो गए हैं।

शनिवार (11 अप्रैल) को एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे इस मैच में संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। खराब फॉर्म से जूझ रहे सैमसन ने इस मैच में जबरदस्त वापसी की और नाबाद 115 रन की पारी खेली। संजू ने 56 गेंदों में 15 चौके और 4 छक्कों की मदद से यह शतक जड़ा और IPL 2026 का पहला शतक अपने नाम किया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना पहला शतक जड़ते ही संजू तीन अलग-अलग आईपीएल टीमों के लिए खेलते हुए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स के लिए भी शतक बना चुके हैं। संजू से पहले केेएल राहुल ने भी पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए शतक बना चुके हैं।

वहीं इस दौरान सैमसन ने इतिहास रचते हुए टी20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस खास लिस्ट में उनसे पहले सिर्फ रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ही शामिल थे। अगर भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट देखें तो रोहित शर्मा टॉप पर हैं, जबकि सैमसन अब इस एलीट क्लब में अपनी जगह बना चुके हैं।

भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज:

  1. रोहित शर्मा – 465 मैच, 554 छक्के
  2. विराट कोहली – 415 मैच, 440 छक्के
  3. सूर्यकुमार यादव – 362 मैच, 421 छक्के
  4. संजू सैमसन – 334 मैच, 401 छक्के

इतना ही नहीं, बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए IPL में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और एमएस धोनी के बतौर विकेटकीपर बनाए गए सबसे बड़े स्कोर 84 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया, जो उन्होंने 2019 में बनाया था।

मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन (115*) के अलावा आयुष म्हात्रे (57 रन) ने भी अहम योगदान दिया।

0/Post a Comment/Comments