VIDEO: कैच या छक्का? हेनरिक क्लासेन के कैच पर मचा बवाल, विवादित फैसले के बाद भड़का SRH का बल्लेबाज

 


आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में एक बड़ा विवाद देखने को मिला जब हेनरिक क्लासेन को बाउंड्री पर कैच आउट दिया गया। फिल सॉल्ट के इस कैच को लेकर तीसरे अंपायर का फैसला सवालों के घेरे में आ गया। वहीं इस फैसले के बाद क्लासेन काफी नाराज़ नजर आए और मैदान पर बहस भी देखने को मिली।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांच के साथ-साथ विवाद भी देखने को मिला। RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा मोमेंट आया जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दरअसल, पारी के 14वें ओवर की पहली गेंद पर यह पूरा ड्रामा हुआ। गेंदबाजी कर रहे रोमारियो शेफर्ड ने क्लासेन के शरीर पर शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर उन्होंने जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद हवा में गई और डीप मिडविकेट बाउंड्री पर खड़े फिल सॉल्ट ने कैच लपक लिया। हालांकि, वह बाउंड्री के बेहद करीब थे, जिससे मामला तुरंत थर्ड अंपायर के पास चला गया।

रिप्ले में तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं थी। थर्ड अंपायर रोहन पंडित को ऊपर से एंगल नहीं मिला, जिससे फैसला और मुश्किल हो गया। उन्होंने देखा कि बाउंड्री कुशन में ज्यादा मूवमेंट नहीं है और इसी आधार पर क्लासेन को आउट दे दिया गया।

हालांकि कुछ कैमरा एंगल्स में ऐसा लगा कि सॉल्ट का पैर बाउंड्री कुशन को हल्का सा छू गया था, जिससे विवाद और बढ़ गया। वहीं कुछ फैंस और एक्सपर्ट्स का भी मानना था कि यह छक्का होना चाहिए था। आउट दिए जाने के बाद हेनरिक क्लासेन काफी नाराज़ दिखे और चौथे अंपायर से बहस करते नजर आए। हालांकि, अंत में उन्हें फैसले को मानना पड़ा और 31 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।

मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए। वहीं क्लासेन (31 रन) ने भी अहम योगदान दिया।

0/Post a Comment/Comments