विराट कोहली और पडिक्कल का बल्ले से धमाका, RCB ने 6 विकेट से जीतकर IPL 2026 में किया विजयी आगाज

 


IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad Highlights: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए SRH ने 201 रन बनाए, लेकिन विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की धमाकेदार पारियों ने मैच को एकतरफा बना दिया।

शनिवार (28 मार्च) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के ओपनिंग मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा 7 रन, ट्रेविस हेड 11 रन और नितीश कुमार रेड्डी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने शानदार पारी खेलते हुए टीम को संभाला। उन्होंने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

ईशान को हेनरिक क्लासेन का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 22 गेंदों में 31 रन की अहम पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन की साझेदारी हुई। अंत के ओवरों में अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन ठोकते हुए टीम को 20 ओवर में 201 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

RCB की ओर से गेंदबाजी में जैकब डफी ने शानदार डेब्यू करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके। रोमारियो शेफर्ड ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत झटका फिल साल्ट (8 रन) के रूप में जल्दी लग गया। इसके बाद इम्पैक्ट सब के तौर पर आए देवदत्त पडिक्कल ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। पडिक्कल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 101 रन की तेज साझेदारी कर मैच RCB की तरफ मोड़ दिया। पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

मध्य ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और 38 गेंदों में नाबाद 69 रन की सूझबूझभरी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इन पारियों की बदौलत RCB ने 26 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से डेविड पायने ने 2 विकेट लिए, जबकि जयदेव उनादकट और हर्ष दुबे को 1-1 सफलता मिली।

इस तरह RCB ने जीत के साथ IPL 2026 में अपने खिताब बचाने के अभियान की जोरदार शुरुआत की।

0/Post a Comment/Comments