Lockie Ferguson Video: न्यूजीलैंड के घातक तेज गेंदबाज़ लॉकी फर्ग्यूसन (Lockie Ferguson) जितने काबिल खिलाड़ी हैं, वो उतने ही अच्छे इंसान भी हैं। 34 साल के लॉकी ने एक बार फिर अपनी दरियादिली दिखाई है और इस बार एक नन्ही फैन गर्ल को बेहद ही खास तोहफा दिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, खुद न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने आधिकारिक फेसबुल अकाउंट Blackcaps से लॉकी का एक 24 सेकंड का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि लॉकी ऑकलैंड में मिला अपना प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड लेकर स्टैंड्स की तरफ जाते हैं और वहां एक छोटी फैन गर्ल को अपना ये अवॉर्ड गिफ्ट कर देते हैं।
याद दिला लें कि लॉकी ने ऑकलैंड टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज़ों को एक-एक रन के लिए तरसा दिया था और अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 1 विकेट निकाला था। उन्होंने विपक्षी टीम के सीनियर खिलाड़ी वियान मुल्डर का विकेट झटका था, जो कि ओपनिंग करने आए थे और 4 गेंदों पर बिना कोई रन बनाए आउट होकर पवेलियन लौटे।
बताते चलें कि लॉकी फर्ग्यूसन न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के सिर्फ दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध थे जिसमें उन्होंने 4 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 7.3 ओवर में 6.25 की औसत से सिर्फ 25 रन दिए और 3.33 की इकोनॉमी से विकेट निकाले।
गौर करें कि लॉकी फर्ग्यूसन की ऐसी खतरनाक फॉर्म देखकर पंजाब किंग्स के फैंस काफी खुश होंगे क्योंकि न्यूजीलैंड के इस तूफानी बॉलर को आईपीएल 2026 के लिए PBKS ने ही रिटेन किया है। लॉकी फर्ग्यूसन को आईपीएल के आगामी सीजन के लिए 2 करोड़ रुपये की सैलरी मिलने वाली है, हालांकि वो सीजन के कुछ शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
बात करें अगर लॉकी फर्ग्यूसन के आंकड़ों की तो उनके नाम 54 टी20 इंटरनेशनल में 76 विकेट दर्ज हैं, वहीं उन्होंने कुल 208 टी20 मैचों में 245 विकेट निकाले हैं। ये भी जान लीजिए कि उन्होंने आईपीएल में अब तक 49 मैचों में 51 विकेट लेने का कारनामा किया है। ऐसे में पंजाब किंग्स के फैंस यही उम्मीद करेंगे कि वो आईपीएल 2026 में अपनी गेंदबाज़ी से तबाही ही मचा दे और अपनी टीम को एक के बाद एक कई मैच विनिंग स्पेल डिलीवर करके जीत दिलाए।
एक टिप्पणी भेजें