IPL 2026 से पहले RCB पर लगा सबसे बड़ा दांव, 16 हजार करोड़ से ज्यादा में बिकी फ्रेंचाइजी

 


आईपीएल 2026 से पहले एक और बड़ी फ्रेंचाइजी डील ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को रिकॉर्ड कीमत में खरीदा गया है। इस डील में कई बड़े कॉरपोरेट नाम शामिल हैं, जिसने इसे खास बना दिया है और RCB अब T20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी टीम बन गई है।

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक RCB फ्रेंचाइजी को करीब 1.78 बिलियन डॉलर यानी लगभग 16,706 करोड़ रुपये में खरीदा गया है। इस डील के साथ ही RCB टी20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है।

यह डील आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने की है, जिसमें टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी यूनिट भी शामिल हैं। इन सभी ने मिलकर RCB की संयुक्त ओनरशिप हासिल की है।

इस नई संरचना के तहत आर्यमन विक्रम बिड़ला को टीम का चेयरमैन बनाया जाएगा, जबकि टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा डेविड ब्लिट्जर और वायरल पटेल भी इस इन्वेस्टर ग्रुप का हिस्सा हैं।

आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने इस डील पर खुशी जताते हुए कहा कि आईपीएल पिछले दो दशकों में एक ग्लोबल स्पोर्टिंग पावरहाउस बन चुका है और RCB जैसी फ्रेंचाइजी उनके लिए ग्लोबल स्पोर्ट्स में अपनी मौजूदगी मजबूत करने का बड़ा मौका है।

हालांकि, इस डील के पूरी तरह लागू होने के लिए अभी कुछ जरूरी मंजूरियां बाकी हैं। इसमें बीसीसीआई और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से क्लियरेंस मिलना जरूरी होगा।

बता दें कि इससे पहले राजस्थान रॉयल्स को करीब 15,300 करोड़ रुपये में बेचा गया था, जिसे अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी ने खरीदा था। लेकिन अब RCB ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है और नई ऊंचाई स्थापित कर दी है।

0/Post a Comment/Comments