IPL 2026: जसप्रीत बुमराह को लेकर आई अच्छी खबर,KKR के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस टीम के साथ जुड़े

 


दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने पहले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 मैच से ठीक एक दिन पहले मुंबई इंडियंस  टीम के साथ जुड़ गए हैं।

इंडियन एक्सप्रैस की खबर के अनुसार बुमराह शुक्रवार शाम को मुंबई इंडियंस की टीम के साथ जुड़े और शनिवार को अपने पहले प्रैक्टिस सेशन में शामिल होंगे। बुमराह ने शुक्रवार को मुंबई इंडियंस टीम के साथ प्रैक्टिस नहीं की, क्योंकि उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया था, जहां उनके वर्कलोड पर नज़र रखी जा रही है।

सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “ वह शुक्रवार रात को मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं, और शनिवार को प्रैक्टिस के लिए आएंगे।”

बुमराह ने हाल ही में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम रोल निभाया, जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।  मेडिकल टीम की सलाह पर बोर्ड ने इस बेहतरीन तेज़ गेंदबाज़ को अपनी ताकत और फिटनेस पर काम करने के लिए सीओई भेजा था, जहाँ वह कुछ दिनों तक रहे। आईपीएल के बाद भारत को अफ़गानिस्तान के साथ एक छोटी सीरीज़ खेलनी है और फिर जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करना है, ऐसे में बोर्ड बुमराह के काम के वर्कलोड पर पैनी नजर रखेगा।

बोर्ड पूरे आईपीएल के दौरान बुमराह के साथ संपर्क में रहेगा। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए  आईपीएल में 186 विकेट लिए हैं और आगामी सीजन में भी फ्रेंचाइजी को उनके बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखने की उम्मीद होगी।

शुक्रवार को हुए प्रैक्टिस सेशन के दौरान पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने, कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के साथ लंबे समय तक नेट्स में बल्लेबाजी की। दो विदेशी खिलाड़ी विल जैक्स औऱ मिचेल सैंटनर अभी तक मुंबई इंडियंस टीम के साथ नहीं जुड़े हैं।

0/Post a Comment/Comments